
कतरास: कतरास वार्ड संख्या एक के राजबाड़ी में पिछले कई वर्षों से जारी पेयजल संकट के विरोध में सोमवार को पूर्व पार्षद एवं ‘रेल दो या जेल दो’ के आंदोलन के प्रणेता डॉ. विनोद कुमार गोस्वामी के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने राजबाड़ी रेलवे फाटक के समीप जोरदार प्रदर्शन किया। सालों से पानी की समस्या झेल रही राजबाड़ी, रवानी टोला, दास टोला, सोनार टोला, केवट टोला एवं राजबाड़ी रोड की जनता का आक्रोश सड़क पर साफ दिखा।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खाली बाल्टियां पीटकर विरोध किया। इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने सर्वसम्मति से ‘जन-प्रत्यावेदन सह अधिकार पत्र’ डॉ. गोस्वामी को सौंपते हुए उन्हें इस आंदोलन का अधिकृत नेतृत्वकर्ता घोषित किया। लोगों ने कहा कि अब उनकी पानी और स्वाभिमान की लड़ाई डॉ. गोस्वामी के नेतृत्व में लड़ी जाएगी।

7 दिनों में समाधान नही हुआ तो रेल का पहिया रोक दिया जायेगा- डॉ बिनोद गोस्वामी
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. विनोद कुमार गोस्वामी ने आरोप लगाया कि रेलवे द्वारा कई साल पहले राजबाड़ी फाटक के पास पाइपलाइन काटे जाने के कारण करीब 4500 सो लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह न सिर्फ मौलिक अधिकारों का हनन है, बल्कि दूषित पानी के कारण क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
उन्होंने रेल प्रशासन और जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि 7 दिनों के भीतर पाइपलाइन बहाल कर जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो ‘जल दो या जेल दो’ के तहत राजबाड़ी रेलवे ट्रैक पर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन कर रेलवे का चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक लोगों को पानी नहीं मिलेगा, तब तक कतरास से एक भी मालगाड़ी चलने नहीं दिया जाएगा।
प्रदर्शन में क्षेत्र के गणमान्य लोगों, युवाओं और बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेते हुए आंदोलन को हर स्तर पर समर्थन देने का संकल्प लिया। आंदोलन में मुख्य रूप से पुष्पा देवी, सुलेखा देवी, माला देवी, सविता देवी, गीता देवी, सुंदरिका देवी, अनीता देवी, कंचन देवी, नीलम पटवा, रेणु देवी, निर्मला देवी, रिंकू देवी, अंजू देवी, अनीता देवी, रीता देवी, राधा कुमारी देवी, रीता सेन, गंगा देवी, सरिता देवी, चांदनी देवी, प्रतिमा देवी, सुनीता देवी, शीला देवी, रेखा देवी, बंदना देवी, लक्ष्मी देवी, मोनी कुमारी, बिमला कुमारी, रेखा देवी, बैलून रवानी, सुनील रवानी, किशन पंडित, सुभाष कुमार, विकास पटवा, राजू साव, दुख हरण सेन, करण सिंह, सुमित कुमार, कालिंदी पटवा सहित सैकड़ो महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।
