
कतरास: अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सिजुआ क्षेत्र अंतर्गत कनकनी कोलियरी में संचालित राम अवतार आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओबी डंपिंग के दौरान फैल रहे प्रदूषण, हाई डंपिंग और कई अन्य अनियमितताओं को लेकर 25 अप्रैल 2026 को चक्का जाम करने का निर्णय लिया है। रत्नेश ने बताया कि 20 अप्रैल को ही इस मुद्दे को लेकर कंपनी को आगाह किया गया था। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण बाध्य होकर कम्पनी का चक्का जाम किया जाएगा ।

रत्नेश कुमार ने कहा कि ओबी डंपिंग के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है।कंपनी डीजीएमएस के नियमों की अनदेखी कर रही है। हाई डंपिंग के कारण क्षेत्र में बड़ी हादसा हो सकती है। मजदूरों को हाई पावर कमेटी द्वारा निर्धारित वेतन नहीं दिया जा रहा है। अब तक पहचान पत्र (आई कार्ड) भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी कंपनी गंभीर नही है। मजदूरों को हेलमेट, जूते और अन्य आवश्यक सेफ्टी किट नहीं दिए गए हैं। वीटीसी सेंटर का प्रशिक्षण भी नहीं कराया गया है। लोयाबाद 5 नंबर क्षेत्र में रोड क्रॉसिंग कर डंपिंग किए जाने से भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ रहता है। सड़क पर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। पेड़ों के ऊपर गर्म ओबी गिराकर उन्हें नष्ट किया जा रहा है। डंपिंग स्थल पर जमीन में आई दरारों को भी नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
संघ ने साफ कर दिया है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो 25 अप्रैल को कंपनी का चक्का जाम कर आंदोलन किया जाएगा।
