
कतरास : डीएवी उच्च विद्यालय कतरासगढ़ में दो कमेटियों के बीच का विवाद गहराता जा रहा है। इस संबंध में डॉक्टर मृणाल ने बताया कि यह मामला फिलहाल झारखंड उच्च न्यायालय रांची में विचाराधीन है। इसी बीच विद्यालय परिसर में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए कतरास थाना प्रभारी द्वारा दोनो कमेटियों के सदस्यों को विद्यालय में प्रवेश और बैठक करने से मना किया गया है।
विद्यालय की संग्रहित राशि को एक निजी व्यापारी के पास जमा करने का दिया जा रहा है दबाव- डॉ मृणाल
उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली कि 28 अप्रैल 2026 को एक पक्ष के द्वारा विद्यालय में बैठक किया गया है। इस दौरान विद्यालय के लिपिक को बुलाकर उन्हें कथित रूप से डराया और धमकाया गया है और निर्देश दिया गया कि विद्यालय की संग्रहित राशि बैंक खाते में जमा न करके एक निजी व्यापारी के पास जमा की जाए। उन्होंने इसे अवैध और गैरकानूनी बताते हुए इसका विरोध किया है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद को लेकर भी है विवाद
उन्होंने आगे बताया कि विवाद का एक अन्य पहलू प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद को लेकर भी है। विद्यालय के वरीय शिक्षक अरविंद कुमार को प्रभारी प्रधानाध्यापक नियुक्त किया गया है, जिसका अनुमोदन झारखंड राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा तथा जिला शिक्षा अधिकारी धनबाद द्वारा किया गया है। इस संबंध में शपथ पत्र भी प्रस्तुत किया गया है। इसके बावजूद उनके कार्यालय में ताला जड़ दिया गया है और दबाव बनाकर एक कनीय शिक्षक को प्रभारी प्रधानाचार्य के पद पर बैठाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया कि मामले को लेकर जिला प्रशासन से तत्काल में हस्तक्षेप की मांग की गई है ताकि विद्यालय में विधि व्यवस्था बनी रहे और छात्र हित प्रभावित न हो। अब देखना है कि जिला प्रशासन इस पर आगे क्या कार्रवाई करती है। सबकी निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर है ।
