
कतरास: “कतरास कॉलेज के समीप ही बार बार जानलेवा दुर्घटना क्यों” इस खबर को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। बता दे कि मंगलवार को कतरास कॉलेज के समीप सड़क दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी इसके बाद स्थानीय लोगों ने एनएचएआई एवं सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे। मामले को प्रशासन ने गंभीरता लिया। बुधवार को कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने महुदा-राजगंज मुख्य मार्ग का मुआयना किया। कतरास कॉलेज आने-जाने वाले छात्रों और आमजनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कालेज के मुख्य द्वार के समीप सड़क पर बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे वाहनों के तेज रफ्तार पर नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

इधर एबीवीपी छात्र नेता शुभम हजारी ने कहा कि कतरास कॉलेज और जीएनएम में प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों का आवागमन होता है। ऐसे में कॉलेज मुख्य द्वार के समीप बैरिकेडिंग लगाया जाना अत्यंत आवश्यक था। उन्होंने कहा कि जनहित एवं छात्रहित के मुद्दों पर कतरास थाना प्रभारी द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई प्रशंसनीय है।
बैरिकेडिंग की व्यवस्था के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन के साथ सक्रिय सहयोग किया। इस दौरान सुजल केशरी, प्रिंस सिन्हा, सुमित सिंह, लव वर्मा, ओमी ठाकुर एवं परिषद के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
