
कतरास: कहते हैं कि अगर हौसलों में उड़ान और इरादों में मजबूती हो, तो गरीबी कभी भी कामयाबी के आड़े नहीं आ सकती। इस बात को सच कर दिखाया है कतरास के पचगढ़ी निवासी पीयूष कुमार साव ने। शुक्रवार को जैसे ही NEET 2026 के परिणाम सामने आए, अंगारपथरा स्थित ‘संकल्प एजुकेशन’ संस्थान में खुशी की लहर दौड़ गई। यहां के होनहार छात्र पीयूष कुमार साव ने नीट की परीक्षा में 538 अंक हासिल कर शानदार सफलता पाई है।
पिता बेचते हैं गुपचुप, बेटे ने देखा देश सेवा का सपना
पीयूष के पिता दीपक कुमार साव नदी किनारे स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने एक साधारण सा गुपचुप (गोलगप्पा) का ठेला लगाकर कड़ी मेहनत कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आज जब बेटे ने नीट में सफलता हासिल की, तो पिता की आंखों में अपने बेटे को डॉक्टर बनते देखने का सपना सच होता नजर आया। पीयूष का लक्ष्य डॉक्टर बनकर देश और समाज की सेवा करना है।
संस्थान और गणमान्य लोगों ने दी बधाई
पीयूष कुमार साव की इस शानदार कामयाबी पर संकल्प एजुकेशन परिवार बेहद हर्षित है। छात्र के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए संकल्प एजुकेशन के निदेशक सह जय धरती मां फाउंडेशन के जिला सचिव सहदेव महतो, प्रबंध निदेशक मनोरमा देवी, विनोद विचार मंच के संयोजक शंकर किशोर महतो, जय धरती मां फाउंडेशन के संस्थापक रवि कुमार निषाद, संस्थापक रंजीत कुमार, कार्यक्रम प्रभारी शमशेर अली, जनजातीय कल्याण पदाधिकारी सुधीर हेंब्रम तथा नमन विद्या के निदेशक कृष्णानंद पांडे आदि ने पीयूष और उनके माता-पिता को बधाई दी है।
