
कतरास: धनबाद नगर आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने कतरास के पंचगढ़ी बाजार में नालियों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। अधिकारियों के नेतृत्व में स्टेशन रोड से थाना चौक तक चले इस अभियान में नालियों के ऊपर बने अवैध पार्किंग स्थल, स्लैब, अन्य स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों को बुलडोजर की सहायता से हटाया गया।
जांच में पाया गया कि कई दुकानदारों ने नालियों के ऊपर स्थायी निर्माण कर कब्जा कर लिया था। इतना ही नहीं, कई जगह नालियों के अंदर मलबा भरकर उन्हें संकरा और कुछ स्थानों पर पूरी तरह नली बंद कर दिया गया था। कई स्थानों पर अवैध रूप से टाइल्स बिछाकर करीब दो फीट तक सीमित कर दिया गया था, जिससे बारिश के दौरान जल निकासी बाधित हो रही थी और क्षेत्र में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही थी।

हाल ही में हुई बारिश के बाद कतरास वार्ड संख्या-3 समेत कई इलाकों में गंभीर जलजमाव की स्थिति बन गई थी। इस समस्या को लेकर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी सड़क पर धरने पर बैठे थे। इसके बाद विधायक एवं नगर निगम अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया, जिसमें नालियों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई। नगर निगम ने पहले आगाह कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी, लेकिन निर्देशों की अनदेखी किए जाने के बाद सोमवार को कार्रवाई की गई।
नगर निगम के इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पूर्व सूचना देने के बावजूद जिन लोगों ने नालियों पर किए गए अवैध निर्माण नहीं हटाए, उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शहर की जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए यह अभियान चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगा।
अभियान में इंफोर्समेंट टीम के इंस्पेक्टर अनिल कुमार, सुपरवाइजर लाल कमल महतो, विक्की कुमार, बैजनाथ सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मौजूद रहे।
