
कतरास : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कतरास, बाघमारा और कोयलांचल क्षेत्र सहित पूरे भारत में तिरंगा आन-बान-शान के साथ लहराया। आजादी का यह महान राष्ट्रीय पर्व पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह, हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कतरास कॉलेज कतरास, राजेंद्र कन्या मध्य विद्यालय कतरास, राजेंद्र कन्या उच्च विद्यालय कतरास, जीएनएम हाई स्कूल कतरास, फॉलकन मिशन स्कूल कतरास, शहीद शक्ति नाथ महतो स्मारक इंटर कॉलेज सिजुआ तथा सर्वमंगला पब्लिक स्कूल तेतुलमारी, राजेंद्र क्लब कतरास, जीएनएम दुर्गा पूजा समिति कतरास, भारतीय क्लब कतरास, श्री गंगा गौशाला (कतरास-करकेंद), श्री कृष्ण मातृ सदन रानी बाजार, निचितपुर क्लीनिक, कतरास थाना, डीएसपी बाघमारा का आवासीय कार्यालय, विद्यार्थी परिषद का कार्यालय कतरास तथा वार्ड संख्या एक की पार्षद डॉ. मधुमाला के आवासीय कार्यालय में पूरे धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इनके अलावा सैकड़ों अन्य निजी दफ्तरों, कोलियरियों, सामाजिक संगठनों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानो और जन-स्थानों पर भी ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
इस अवसर पर ध्वजारोहण के उपरांत बच्चों, बुजुर्गों और उपस्थित जनसमूह के बीच मिठाइयां व चॉकलेट्स बांटी गईं। कई स्थानों पर स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया।

अमर शहीदों को किया गया नमन:
समारोह के दौरान लोगों ने ब्रिटिश हुकूमत के दौर और गुलामी के दिनों को याद करते हुए देश को आजाद कराने वाले अमर वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया। वक्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और देश व समाज की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया।
