
कतरास/तेतुलमारी तेतुलमारी स्थित चंदौर पहाड़ी मैदान में ओम स्पोटिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित 38वीं स्व. अशोक कुमार निषाद व स्व. द्वारिका प्रसाद मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज़ हुआ। अतिथियों ने झंडोत्तोलन, नारियल फोड़कर और गेंद में किक मारकर टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान दिवंगत खिलाड़ियों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
न्यू निषाद क्लब रंगुनी ने दर्ज की पहली जीत
प्रतियोगिता के पहले और रोमांचक मुकाबले में न्यू निषाद क्लब रंगुनी (ईस्ट बसूरिया) ने टाइगर-11 क्लब मानटांड़ को 1-0 से शिकस्त दी। मैच के अंतिम क्षणों में उत्तम टुडू ने विपक्षी रक्षापंक्ति को चकमा देते हुए शानदार गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई।
टाईब्रेकर में मॉडर्न क्लब नगरीकला का दबदबा
दिन के दूसरे मैच में मॉडर्न क्लब नगरीकला और एमएससी क्लब रघुनाथपुर के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक गोलरहित बराबरी पर छूटे इस मैच का फैसला टाईब्रेकर से हुआ, जिसमें नगरीकला की टीम ने 3-1 से बाजी मारी।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
समारोह में कांग्रेस नेता राजकुमार महतो, असलम मंसूरी, श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मानवाधिकार फोरम के सुदिष्ठ कुमार, पीओ एस.के. दास, जिप सदस्य मो. इसराफिल, बीजेकेएमएस नेता रमेश सिंह, पूर्व मुखिया मो. आजाद और मुखिया अशोक ठाकुर समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। मैच का सफल संचालन निर्णायक मो. सिराज व दिलीप महतो ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रेमन निषाद, राजू निषाद, गणेश मल्लाह, मनोज सरदार, दिलीप निषाद, विक्रम कुमार समेत ओम स्पोटिंग क्लब के तमाम सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
