
कतरास : जिला मुख्यालय स्थित न्यू टाउन हॉल में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आगामी दुर्गा पूजा मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ-साथ जिलेभर के सभी पूजा पंडालों की मेला समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
जीएनएम हाइ स्कूल पूजा समिति ने उठाई प्रमुख मांगें
बैठक के दौरान जीएनएम हाई स्कूल मैदान कतरास पूजा समिति के सचिव अमन जायसवाल ने पंडाल में बनने वाली भव्यता और उमड़ने वाली संभावित भीड़ का हवाला देते हुए प्रशासन से कतरास लिलोरी स्थान फाटक के समीप बैरिकेडिंग लगाने, भगत सिंह चौक से भटमुरना तक सबवे (Subway) का निर्माण कराने, नगर निगम की ओर से स्वचालित (Mobile) शौचालय लगवाने, मेला के दौरान बड़े हेवी वाहनों को कांको मोड़ के पास रोकने, कलाली फाटक के पास ब्रिज निर्माण को तत्काल रोक कर दोनों ओर से मार्ग को चालू करने तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने सहित कई अहम मांगे उठाई।
प्रशासन ने पूजा समितियों को दिए कई आवश्यक निर्देश और सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने का आदेश
जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि पूजा और विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। हर पूजा पंडाल में वर्दी के साथ-साथ सादे लिबास में भी पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी। सभी पंडालों और आसपास की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी। सभी पूजा समितियों को अनिवार्य रूप से सुरक्षा मानकों का पालन करने, विसर्जन मार्ग का भौतिक निरीक्षण करने और पंडाल परिसर में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguishers) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भ्रम और अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस उच्चस्तरीय बैठक में नगर आयुक्त आशीष गंगवार, मेयर संजीव सिंह, विधायक राज सिन्हा, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविन्द कुमार ओझा, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे सहित जिला प्रशासन के कई अन्य वरीय अधिकारी और पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
