
कतरास: सोमवार को सहायक शिक्षकों का एक प्रतिनिधि मंडल शिक्षक चंदन मोदक के नेतृत्व में धनबाद उपायुक्त श्री आदित्य रंजन से मुलाकात की तथा उन्हें झारखंड सरकार के मुख्य सचेतक सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो का अनुशंसा पत्र सौंपा।

शिक्षकों ने पत्र के माध्यम से उपायुक्त को अवगत कराते हुए बताया कि धनबाद जिला के ग्रामीण सहायक अध्यापकों को चार प्रतिशत वार्षिक मानदेय वृद्धि राशि का भुगतान किया जा रहा है। लेकिन नगर निगम शहरी क्षेत्र के शिक्षकों को उक्त लाभ से वंचित रखा गया है। जबकि समान काम का समान वेतन मिलना चाहिए। चंदन मोदक ने बताया कि 4% वार्षिक मानदेय वृद्धि को लेकर वर्षों से वे लोग अपने हक अधिकार के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के दरवाजे पर चक्कर लगा रहे हैं। उचित माध्यम से सरकार तक भी अपनी आवाज पहुंचने का काम किया है। लेकिन अब तक ना तो संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है और ना ही सरकार ने।
सहायक शिक्षकों ने बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो को भी मामले से अवगत कराया है

उन्होंने बताया कि इस संबंध में बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो से भी मुलाकात की है। बाघमारा विधायक के द्वारा धनबाद जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार से दूरभाष पर बात भी किया गया है तथा उचित कार्रवाई करने को कहा गया है। शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद उपयुक्त से जल्द से जल्द मामले में उचित कार्रवाई करते हुए 4% वार्षिक मानदेय वृद्धि भुगतान करवाने का आग्रह किया है। प्रतिनिधि मंडल में चंदन मोदक, चेतलाल महतो, राम प्रसाद भुइयां, मोतीलाल महतो, राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
