
कार्यक्रम में पहुँचे विधायक शत्रुघ्न व जैक सदस्य डॉ अरुण महतो ने बच्चों को किया सम्मानित
कतरास: मंगलवार को कतरास के राजेंद्र कन्या उच्च विद्यालय में अभिनंदन सह विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो उपस्थित हुए। विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से विधायक को पौधा देकर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विधायक ने डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इसके बाद विधायक शत्रुघ्न महतो, बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष सह विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव उत्तम मुखर्जी, विद्यालय की प्राचार्या सुमन मिश्रा, अजीत सर, अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह आदि ने दीप प्रचलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। बाघमारा विधायक के अतिरिक्त मौके पर पहुंचे शक्ति कॉलेज के प्राचार्य सह जैक सदस्य डॉ अरुण कुमार महतो, बालिका उच्च विद्यालय मुदीडीह के प्राचार्य सतीश सिंह आदि के स्वागत में विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान एवं नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी।

सचिव उत्तम मुखर्जी ने बच्चों के लिए बाघमारा विधायक से 2000 पुस्तकों की मांग की
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव उत्तम मुखर्जी ने बाघमारा विधायक को बताया कि विद्यालय में लाइब्रेरी बनकर तैयार है। उन्होंने विधायक से 2000 पुस्तकों की मांग की ताकि विद्यालय की छात्राओं के साथ-साथ आसपास के बच्चे भी लाभान्वित हो सके। वही बाघमारा विधायक ने विद्यालय को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया तथा सरकार की ओर से दी जाने वाली साइकिल का वितरण छात्राओं के बीच किया।


अतिथियों ने विद्यालय के टॉपर बच्चों को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान कार्यक्रम में आए अतिथियों ने वर्ग दशम के प्रथम तीन टॉपरों सृष्टि कुमारी, सिमरन कुमारी, नंदनी कुमारी, 12वीं कक्षा के प्रथम तीन टॉपरों सुलोचना कुमारी शर्मा, निशा कुमारी, दिव्यानि रजवार तथा 100% उपस्थिति दर्ज करने वाली दो छात्राओं अनु कुमारी तथा सुहानी कुमारी को प्रशस्ति पत्र, मेडल तथा मोमेंटो देकर सम्मानित किया तथा उसके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं की। अभिनंदन सह विदाई समारोह को यादगार एवं शानदार बनाने के लिए विद्यालय की प्रतिभावान छात्राओं ने भी संथाली नृत्य, हे रंगलो नृत्य, मराठी नृत्य, काल बेलिया नृत्य जैसे एक से बढ़कर एक नृत्य कला का प्रदर्शन किया।


“बस इतना ही संग था तुम्हारा हमारा, जाओ बेटी खुश रहना ले लो आशीष हमारा”- सुमन मिश्रा
कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार प्रकट करते हुए विद्यालय की प्राचार्य सुमन मिश्रा ने कहा कि सबके सहयोग से स्कूल का सफल संचालन हो रहा है। वहीं उन्होंने भावुक होते हुए जैसे ही “बस इतना ही संग था तुम्हारा हमारा, जाओ बेटी खुश रहना ले लो आशीष हमारा” गाना की दो पंक्तियां सुनाई कि उपस्थित सभी लोग ताली बजाने को मजबूर हो गए वहीं छात्राएं भावुक हो गई।
मौके पर जुगल खंडेलवाल, सुरेंद्र सिंह, विष्णु चौरसिया, विवेक हजारी एवं पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित था।

