
कतरास: धनबाद जिला के वार्ड संख्या एक अंतर्गत राजहंस फैक्ट्री के समीप कतरास राजगंज मुख्य मार्ग इन दिनों तालाब में तब्दील हो चुका है। हर रोज गुजरने वाले हजारों पथिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क में बड़े बड़े गड्ढे बन गए जिसमें गंदी नाली का पानी भरा रहता है। आए दिन साइकिल, बाइक, टोटो, ऑटो सड़क में बने इस गड्ढे में गिर कर घायल हो रहे हैं। ऐसा लगता है मानो वक्त बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। आसपास के लोग इस समस्या से त्राहिमाम कर रहे हैं। पहले भी कई बार अख़बारों और सोशल मीडिया के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सरकार तक इसकी आवाज पहुंचाई जा चुकी है। बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के वाहन भी गुजरते हैं, लेकिन बदहाल सड़क पर नहीं लेता कोई संज्ञान
इसी बदहाल सड़क से हर रोज कतरास थाना के वाहन, अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन, आम लोगों के प्राइवेट वाहन एवं जनप्रतिनिधियों के वाहन भी रेंगते हैं। फिर भी इस बदहाल सड़क को दुरुस्त करने के लिए कोई आगे नहीं आ रहा है। आम जनता से जुड़े इस मुद्दे का समाधान नहीं होना यह स्पष्ट जाहिर करता है कि जनता की सेवा और उसके समस्याओं का समाधान करने का नारा केवल चुनावी शोर तक ही सीमित है। यह बात आम जनता भी भली भांति समझती है। इसलिए चुनावी शोर थमने के बाद ना तो जनप्रतिनिधियों को जनता से कोई सरोकार रहता है और ना ही जनता को जनप्रतिनिधियों से।

बदहाल सड़क और कुव्यवस्था के लिए निर्माणाधीन नाली और ठेकेदार भी है जिम्मेदार
धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या एक के सेलेक्टर गोविंदपुर से लेकर लोकप्रिय हार्डवेयर तक नगर निगम के फंड से बनने वाली नाली भी सड़क की बदहाली में जिम्मेदार है। मिली जानकारी के अनुसार नाली निर्माण का कार्य सितंबर महीना तक खत्म हो जाना था। लेकिन तय समय सीमा तक ठेकेदार द्वारा नाली निर्माण नहीं किए जाने के कारण नाली नाली का पानी सड़क पर ही जमा हो जा रहा है निर्माण के दौरान काटे जा रहे मिट्टी एवं निर्माण के लिए उपयोग में लाई जा रही सामग्रियों के रखरखाव के कारण भी सड़क में जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। ठेकेदार की लापरवाही से हर रोज आम लोगों को समस्याओं से 2-4 होना पड़ रहा है।

सड़क में जमा गंदे नाली का पानी गणतंत्र दिवस के प्रभात फेरी में डालेगा खलल
महज 2 दिन बाद ही 77वां गणतंत्र दिवस है। अब तक हर स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस में कतरास के दर्जनों स्कूली बच्चे एवं शिक्षक भारी संख्या में इस रास्ते से होकर प्रभात फेरी निकलते आए हैं। हालांकि इस बार की प्रभात फेरी में बच्चों एवं शिक्षकों को नाली के गंदे पानी से भरा बदहाल सड़क से दो-चार होना पड़ सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह आम लोगों के साथ-साथ जिला प्रशासन के लिए बहुत ही शर्मनाक होगा। आम लोगों एवं स्कूल प्रबंधकों का कहना है कि जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त कराया जाए। ताकि 26 जनवरी का परेड आसानी से निकाला जा सके एवं आम लोगों को भी सुविधा हो सके।

जिला प्रशासन से लोगों को है उम्मीद, बदहाल सड़क से दिलाएगा मुक्ति
आम लोगों को उम्मीद है कि 26 जनवरी के पहले धनबाद जिला प्रशासन इस मामले में संज्ञान लेकर सड़क को दुरुस्त अवश्य करेगा। जिससे स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों को 26 जनवरी में परेड निकालने के दौरान किसी प्रकार की समस्याओं से जूझना नहीं पड़ेगा। वहीं आम लोग भी इस बदहाल सड़क से मुक्ति पाएंगे। आम लोगों के साथ साथ स्कूली बच्चों एवं स्कूल के प्रबंधकों ने भी मीडिया के माध्यम से धनबाद उपायुक्त से इस मामले में उचित पहल कर सड़क दुरुस्त कराने का आग्रह किया है।
