
कतरास: इन दिनों धनबाद जिले में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा कानून पूरी तरह से चरमराया हुआ दिख रहा है। मनचले युवक और ऊंची पहुंच रखने वाले लोग इन दिनों ट्रैफिक पुलिस और यातायात व्यवस्था को चिढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं। इन दिनों सड़कों पर कानून नहीं बल्कि स्टंटबाजी और मनचलों की मनमानी देखने को मिल रहा है। अभी हाल ही में जिले में चार पहिया वाहन के पीछे नंबर प्लेट की जगह यादव और राजपूत लिखा हुआ देखा गया। हालांकि बाद में उक्त वाहन पुलिस की गिरफ्त में आ गई।
धूम फ़िल्म का अहसास कराते दिखे मनचले बाइकर्स
शनिवार को कतरास थाना क्षेत्र के गुहीबांध बस स्टैंड के समीप धूम सिनेमा के फिल्मी स्टाइल में एक बाइक पर चार युवक सवार होकर बाजार का चक्कर लगाते हुए देखे गए। यही नहीं उस बाइक में नंबर प्लेट भी नहीं लगा था और बाइक से कान के पर्दे फाड़ देने वाली आवाज भी आ रही थी। ड्राइविंग कर रहे युवक को हेलमेट के जगह मास्क पहना हुआ देखा गया। पीछे बैठे 3 युवकों में से दूसरे युवक भी अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था।

नियमों का उल्लंघन करने से होती है सड़क दुर्घटनाएं, बुझ जाते हैं घरों के चिराग
ऐसे ही मनचले युवकों के द्वारा दो से अधिक सवारी बैठक बाइक चलाने एवं यातायात नियमों का पालन नहीं करने के कारण भी अक्सर सड़क दुर्घटनाएं घटती रहती है। जिससे कभी-कभी किसी घर का कोई चिराग हमेशा के लिए बुझ जाता है ऐसे मनचले युवकों के कारण दूसरे लोग भी दुर्घटना के शिकार होते हैं। बाइक में चार लोड का यह नजारा देखकर स्थानीय लोग एवं दुकानदार सहमे हुए हैं।
जिला प्रशासन का सघन जांच अभियान भी ऐसे मनचलों के आगे हो रहा है बेसर
पिछले कुछ महीनों में यह देखा गया है कि अपराध एवं अपराधियों को पकड़ने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बिना हेलमेट एवं बिना नंबर प्लेट के वाहन तथा दो से अधिक सवारी कर रहे हैं मोटरसाइकिलों को भी जुर्माना लेकर अथवा चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है तथा यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत एवं नसीहत भी दी जा रही है।। उसके बावजूद भी जिला प्रशासन का यह प्रयास असफल दिख रहा है। अब देखना है कि क्या पुलिस की कार्रवाई का क्लाइमेक्स अभी बाकी है या फिर मनचले युवक मनमानी करते रहेंगे
