
राँची: राज्य में होने वाले नगर निकाय चुनाव और मैट्रिक-इंटर की परीक्षाएं एक-दूसरे पर असर नहीं डालेंगी। जिस दिन परीक्षा नहीं होगी, उसी दिन मतदान कराया जाएगा। राज्य के सभी 48 नगर निकायों में एक ही दिन चुनाव कराए जाने हैं, इसलिए परीक्षा और चुनाव की तिथियों में समन्वय बनाकर तारीख तय की जाएगी।
इसी क्रम में शिक्षा विभाग ने परीक्षा का शेड्यूल राज्य चुनाव आयोग को भेज दिया है। इससे आयोग को यह जानकारी मिल गई है कि किन-किन दिनों में परीक्षाएं आयोजित होंगी। इन्हीं तिथियों को ध्यान में रखते हुए चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा चल रही थी कि परीक्षाओं के कारण नगर निकाय चुनाव की तारीख आगे बढ़ सकती है। दरअसल, चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियों के तहत शिक्षा विभाग से परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी मांगी थी, जो एक आवश्यक प्रक्रिया है।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने आयोग को परीक्षा कार्यक्रम भेज दिया है। जैक के एक अधिकारी ने बताया कि यदि चुनाव के कारण परीक्षा तिथियों में बदलाव करना पड़े, तो परिषद इसके लिए तैयार है।
गौरतलब है कि मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 3 फरवरी से शुरू होंगी। मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी तक चलेगी, जबकि इंटर की परीक्षा 23 फरवरी तक आयोजित होगी।
