
धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने शुक्रवार को कोहिनूर मैदान स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम कक्ष की सील, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र समेत पूरे परिसर का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने ईवीएम वेयरहाउस के रख-रखाव और सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के बाद उप विकास आयुक्त ने बताया कि यह मासिक रूटीन निरीक्षण है और निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह ईवीएम वेयरहाउस की स्थिति का निरीक्षण किया जाता है, ताकि ईवीएम की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, निर्वाचन शाखा के सागर कुमार (भजोहरि), राकेश कुमार, रजाक अंसारी, सजल मंडल सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
