
कतरास : कतरास वार्ड संख्या 5 से एक बड़ी खबर उभर कर सामने आ रही है जहां नगर निगम चुनाव की सर गर्मी अपने पूरे उफान पर है चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों ने अपना नामांकन कराकर चुनावी तैयारी में लग गए हैं। वहीं वार्ड संख्या 5 के पार्षद प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद, संजय हाड़ी, कारू भुइंया, आशु रजवार, बुलबुल देवी एवं अन्य का जाति प्रमाण पत्र जांच कर नामांकन रद्द करने की मांग निर्वाची पदाधिकारी धनबाद से की गई है। यह मांग कतरास थाना अंतर्गत नगर निगम वार्ड 5 के लकड़का 6 नंबर निवासी आशा राय के द्वारा की गई है।
आशा राय ने निर्वाची पदाधिकारी धनबाद को दिए आवेदन में लिखा है कि वार्ड पार्षद प्रत्याशियों द्वारा समर्पित जाति प्रमाण पत्र कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग झारखंड सरकार के पत्रांक- 14/ जा. नि- 03-13 / 2015, का०. 1754 रांची दिनांक- 25/02/2019 में दिए गए आदेश/निर्देश में वांछित साक्ष्य/कागजात के अनुसार जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किया गया है जो विधि के विरुद्ध है तथा निर्वाची कार्य हेतु अमान्य है।

जरूरत पड़ा तो मामले को लेकर हाइकोर्ट जाएंगे- आशा राय
आशा राय ने बताया कि कुछ को छोड़कर सभी का जाति प्रमाण पत्र फर्जी है। उन्होंने यह भी बताया कि अधिकांश के जाति प्रमाण पत्र मैनुअल बना हुआ है। उन्होंने मामले को लेकर हाइकोर्ट जाने की भी बात कही है। आशा राय ने निर्वाची पदाधिकारी से मामले की जांच उपरांत विधिवत कार्रवाई करके नामांकन को रद्द करने का मांग किया है। उन्होंने संबंधित पत्र की प्रतिलिपि जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त धनबाद एवं राज्य निर्वाचन आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग रांची को भी भेजा है।
