
धनबाद : आईआईटी आईएसएम धनबाद परिसर में गुरुवार को उस समय खास उत्साह देखने को मिला, जब इसरो का ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ प्रदर्शनी बस का आईआईटी आईएसएम में भव्य स्वागत किया गया। इस चलती-फिरती अंतरिक्ष प्रदर्शनी में भारत के अंतरिक्ष विज्ञान की यात्रा को बेहद रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। बस के भीतर चंद्रयान मिशन समेत इसरो के ऐतिहासिक अभियानों के आकर्षक मॉडल लगाए गए हैं, जिन्हें देखकर छात्र रोमांचित हो उठे।
प्रदर्शनी में मौजूद इसरो के विशेषज्ञ छात्रों को मिशन की तकनीकी बारीकियां समझा रहे हैं और उनके सवालों के जवाब भी दे रहे हैं। आईआईटी आईएसएम धनबाद के अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना और उन्हें शोध व नवाचार के लिए प्रेरित करना है।
खास बात यह है कि इस ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ का लाभ केवल आईआईटी आईएसएम के छात्र ही नहीं, बल्कि झारखंड के 500 से अधिक स्कूलों के छात्र भी उठा सकेंगे। विज्ञान, तकनीक और सपनों को एक साथ जोड़ती यह प्रदर्शनी धनबाद के छात्रों के लिए किसी प्रेरणादायक अनुभव से कम नहीं है।
