
कतरास : बुधवार को कतरास छाताबाद के सैकड़ो ग्रामीणों ने एरिया 3 के छाताबाद कैलूडीह में संचालित एसटीजी डेको आउटसोर्सिंग कंपनी का परिवहन कार्य ठप्प कर दिया तथा पानी सुचारू रूप से बहाल करने की मांग करने लगे। स्थानीय लोगों ने कहा कि पिछले 15 दिनों से पानी की आपूर्ति बंद है जिसके कारण हमलोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रमजान का महीना चल रहा है। ऐसे में पानी सप्लाई बंद कर देना बिल्कुल गलत है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिस मोटर के द्वारा पानी का सप्लाई किया जाता था। नगर निकाय चुनाव में मतदान के दिन कंपनी के द्वारा उक्त मोटर को उठाकर ले जाया गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि कंपनी से कुछ ही दूरी पर हम सब रहते हैं। कंपनी की धूल, मिट्टी खाते हैं। ब्लास्टिंग से घरों में दरारें पड़ती हैं। छतों और आंगन में धूलकण जमा होते हैं। कंपनी की जिम्मेदारी है कि हमें पानी, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराए लेकिन कंपनी अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी बिजली के लिए वह पूर्ण रूप से कंपनी पर ही निर्भर है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान सभी जनप्रतिनिधि पानी बिजली देने की घोषणाएं और वादे करते हैं। लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद आज तक पानी बिजली तथा मूलभूत आवश्यकताओं का वादा पूरा नहीं किया गया है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने कोलियरी इंजीनियर को घेरते हुए कहा कि जब तक पानी चालू नहीं किया जाएगा तब तक ट्रांसपोर्टिंग का कार्य ठप रहेगा। वहीं कोलियरी इंजीनियर ने बताया कि बिजली नहीं रहने के कारण पानी सप्लाई नहीं हो पा रहा है जैसे ही बिजली आएगा पानी सप्लाई शुरू कर दिया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक ट्रांसपोर्टिंग का कार्य ठप था।
