
कतरास : झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने अबुआ दिशोम बजट में धनबाद को बड़ी सौगात देते हुए कतरास के लिलोरी स्थान में 12 एकड़ जमीन पर अंतरराज्यीय बस टर्मिनल बनाने की घोषणा की है। यह टर्मिनल लिलोरी मंदिर के पास एनएच-32 से सटी जमीन पर विकसित होगा। परियोजना को बजट स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है। बता दे कि नए बस टर्मिनल के बनने से बरटांड़ बस स्टैंड पर यातायात का दबाव कम होगा और लंबी दूरी की बसों को शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा।
इससे बोकारो, गिरिडीह, देवघर और पुरुलिया समेत आसपास के जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में रोजगार व व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
बजट में इसकी घोषणा होने से कतरास एवं आसपास के लोग बहुत खुश हैं। लोगों ने कहा कि कतरास में आबादी बहुत है लेकिन अन्य जिलों में आने जाने के यातायात साधन कम है। जिससे हमेशा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कतरास में बस टर्मिनल बनने से न केवल लोगों की यातायात सुविधाएं बढ़ेगी और बरटांड़ पर दबाव कम होगा बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
