
वार्ड पार्षदों के परिणाम आने के बाद होगा मेयर उम्मीदवारों की मतगणना
कतरास/धनबाद : नगर निगम चुनाव समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन धनबाद मतगणना की तैयारियों में जुट गया है। जानकारी के अनुसार नगर निगम के 55 वार्डों को 11 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन के पहले वार्ड का परिणाम सबसे पहले आएगा। अर्थात वार्ड नंबर 01, 06, 11, 16, 21, 26, 31, 36, 41, 46 और 51 का रिजल्ट सबसे पहले घोषित होगा। वार्ड पार्षदों के परिणाम आने के बाद ही मेयर उम्मीदवारों की मतगणना होगी। मतगणना के लिए 27 फरवरी सुबह 7 बजे से 28 फरवरी रात 8 बजे तक काउंटिंग चलेगी। कुल 4,61,001 वोट गिने जाने हैं। प्रशासन ने 11 काउंटिंग रूम और 150 टेबल तैयार की हैं।
मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। बाहरी सुरक्षा सशस्त्र बल संभालेंगे, बीच का सुरक्षा घेरे में डीएसपी और पुलिस अधिकारी तैनात हैं, और अंतिम सुरक्षा घेरे की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और सामान्य प्रेक्षक ने संभाली है। राजकीय पॉलीटेक्निक में मतपेटियों को सील करके रखा गया है और कड़ी पहचान व बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। काउंटिंग सुपरवाइजर और असिस्टेंट का पहला रैंडमाइजेशन राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी आदित्य रंजन और सामान्य प्रेक्षक की उपस्थिति में प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने की व्यवस्था की गई।
सभी उम्मीदवार और उनके प्रतिनिधि मतगणना की प्रक्रिया का निरीक्षण कर रहे हैं। कही से किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है। प्रशासन ने कहा कि मतगणना निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में संपन्न होगी।
