

कतरास: “हाय रे मधुमाला, गजब कर डाला” गाने के साथ नगर निगम धनबाद वार्ड संख्या एक के नवनिर्वाचित पार्षद प्रत्याशी मधुमाला देवी के समर्थकों ने भारी संख्या में विजय जुलूस के रूप में आभार यात्रा निकाला। आभार यात्रा संध्या 4:00 बजे कतरास पोस्ट ऑफिस रोड से निकलकर कलाली फाटक तक पहुंचा उसके बाद पुनः पोस्ट ऑफिस गली पहुंचा जहां लोगों ने फूलों की वर्षा कर पार्षद डॉक्टर मधुबाला एवं डॉक्टर स्वतंत्र कुमार का पूरे जोश के साथ अभिनंदन किया। इसके बाद आभार यात्रा कतरास उपर मोड़, जीएनएम रोड, भगत सिंह चौक, गांधी चौक , राजबाड़ी सहित कतरास के मुख्य स्थानों से गुजरा। आभार यात्रा के दौरान पार्षद मधुमाला व उनके पति डॉक्टर स्वतंत्र कुमार आम लोगों का आभार जताते हुए देखे गए।

विजय जुलूस सह आभार यात्रा में डीजे और ढोल नगाड़े की गूंज से पूरा इलाका गूंज रहा था। महिला, पुरुष एवं युवा समर्थकों ने रंग, गुलाल और पटाखा छोड़कर जश्न मनाया। पटाखों के फूटने से पूरा बाजार धुआं धुंआ हो गया । आभार यात्रा के दौरान दर्जनों समर्थक नाचते गाते आगे बढ़ रहे थे। एलआईसी ऑफिस के समीप कुछ समर्थकों के द्वारा पार्षद मधुमाला एवं उनके पति डॉक्टर स्वतंत्र कुमार से बल्ला छाप आकृति का केक कटवाया। जीएनएम रोड में चाय दुकान के समीप भी समर्थकों के द्वारा केक कटवाया गया।

जनता के भरोसे पर खरा उतरूंगी – पार्षद मधुमाला
मीडिया को संबोधित करते हुए मधुमाला ने कहा कि जिस आशा और विश्वास के साथ कतरास वार्ड एक की जनता ने मुझे पार्षद के रूप में चुना है। मैं उस आशा और विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगी। नाली, पानी, सड़क, बिजली एवं स्वच्छता जैसे मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। सबको साथ लेकर वार्ड एक का विकास करूंगी। वार्ड नंबर 1 को सबसे स्वच्छ और सबसे सुंदर बनाने का संकल्प है।
