
बाघमारा: बाघमारा के खेल प्रेमियों के लिए एक और गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है। सम्पूर्ण शिक्षा केन्द्र से जुड़े ‘एकलव्य कबड्डी क्लब’ के तीन होनहार खिलाड़ियों— अंकित कुमार, राजू पासवान और दिव्या कुमारी— ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के दम पर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में अपनी जगह पक्की कर ली है। गौरतलब है कि बरोरा के राजू पासवान, मुराईडीह के अंकित कुमार एवं फुलारी टाँड़ की दिव्या कुमारी तीनों ही बाघमारा विधानसभा से ताल्लुकात रखती है। ये तीनों एकलव्य कबड्डी क्लब के कबड्डी कोच दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस उपलब्धि के बाद से ही पूरे क्षेत्र और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
यह सतत अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है- विक्की साव
कबड्डी टीम संचालक विक्की साव ने कहा कि आज नेशनल कबड्डी के लिए जो तीन युवकों का चयन हुआ है वह एक दिन का परिणाम नहीं बल्कि सतत अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है। यह सफलता रातों-रात नहीं मिली है। इन खिलाड़ियों ने सम्पूर्ण शिक्षा केन्द्र परिसर में पसीना बहाकर अपनी तकनीक को निखारा है। कोच दिनेश कुमार की देख-रेख में खिलाड़ियों ने कठिन अभ्यास सत्रों में भाग लिया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। टीम संचालक के कुशल मार्गदर्शन और सटीक रणनीति ने इन ग्रामीण खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के मंच तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई है। विक्की ने बताया कि 11 अप्रैल से महामुकाबला शुरू होगा जिसमें हरियाणा में देश भर के दिग्गज और प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी जुटेंगे। देश भर के सैकड़ो बेहतरीन कबड्डी खिलाड़ियों के बीच अंकित, राजू और दिव्या की यह तिकड़ी से बाघमारा को बहुत उम्मीदें रहेगी। बाघमारा वासियों की दुआएं और आशीर्वाद इनके साथ है। पूरे क्षेत्र की नजरें अब 11 अप्रैल को शुरू होने वाले इन मुकाबलों पर टिकी हैं।
