
कतरास : गुरुवार को वार्ड संख्या दो छाताबाद के पार्षद मो शहाबुद्दीन ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बीसीसीएल क्षेत्र संख्या तीन के अंतर्गत संचालित एसटीजी डेको आउटसोर्सिंग का अनिश्चितकालीन चक्का जाम कर दिया।
बताते चले की वार्ड संख्या 2 के पार्षद के द्वारा गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक को 6 अप्रैल को 8 सूत्री मांग पत्र दिया गया था। उन्होंने 48 घंटे के अंदर समस्या का समाधान करने को कहा था। लेकिन 48 घंटा बीत जाने के बाद भी बीसीसीएल प्रबंधन के द्वारा जब कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो दर्जनों ग्रामीणों के साथ उन्होंने गुरुवार को एसटीजी डेको आउटसोर्सिंग कंपनी का चक्का जाम कर दिया।
इधर आउटसोर्सिंग में कार्यरत दर्जनों मजदूरों ने बताया कि एक तो ईरान और अमेरिका युद्ध के कारण डीजल की कमी हो गई थी। जिसके कारण कंपनी ने 30 दिनो के वेतन का जगह 26 दिन का वेतन कर दिया है। हम लोग पहले से परेशानी में थे उसके बाद आज की बंदी को लेकर कंपनी ने नो वर्क नो पे का नोटिस चिपका दिया है। जिसके कारण हम लोगों के पेट पर लात पड़ रहा है। मजदूरों ने बताया की मजबूरी में हम लोगों को भी कंपनी के खिलाफ सड़क जाम करना होगा।
चक्का जाम के कारण कंपनी को लाखों का नुकसान की आशंका

वहीं कंपनी प्रबंध का कहना है कि चक्का जाम के कारण कंपनी को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है। जिसके कारण भारत सरकार को भी राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। खबर लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन एवं पार्षद के बीच वार्ता जारी था।
