
कतरास: धनबाद नगर निगम वार्ड नंबर 1 के नवनिर्वाचित पार्षद डॉ मधुमाला ने गुरुवार को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड, धनबाद विद्युत क्षेत्र के महाप्रबंधक सह मुख्य विद्युत अभियंता अशोक कुमार सिन्हा से उनके धनबाद स्थित कार्यालय में मिलकर एक ज्ञापन सौंपा। पार्षद मधुमाला ने बताया कि जब से विद्युत विभाग द्वारा लोगों के घरों पर पुराने मीटर को हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं तब से सभी लोगों का बिजली बिल बहुत अधिक बढ़कर आ रहा है ।
मधुमाला ने बताया कि इस संदर्भ में महाप्रबंधक द्वारा बताया गया कि आगामी 18 अप्रैल दिन शनिवार को प्रातः 10:30 बजे से 12.30 तक कतरास स्थित विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल कतरास तिलाटांड कार्यालय में विद्युत मीटर एवं बिल से संबंधित शिकायत के निस्तारण के लिए एक कैंप लगाया जायेगा। इस संबंध में उपभोक्ताओं को सूचित किया जाता है की बेहतर सेवा, परेशानी रहित बिलिंग के लिए अपने विद्युत अकाउंट के साथ मोबाइल नंबर पंजीकृत करना जरूरी है। विद्युत उपभोक्ता पंजीकरण के लिए अपने साथ स्व अभिप्रमाणित आधार कार्ड की फोटो कॉपी और पंजीकृत करने के लिए मोबाइल नंबर जरूर लेकर आये।
उपभोक्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि वह प्राप्त बिल, अपडेट बिल में त्रुटि मीटर संख्या मिसमैच या मीटर संबंधित किसी भी खराबी या गड़बड़ी जैसी समस्याओं के लिए तुरंत आवेदन करें।
