
कतरास: वार्ड संख्या एक के नवनिर्वाचित पार्षद डॉ मधुमाला पार्षद बनने के साथ ही विकास कार्यों में पूरी तरह से जुट गई है। उन्होंने कतरास के राजबाड़ी में पिछले डेढ़ वर्षो से जमुनिया पाइपलाइन के बाधित होने का मामला उठाया है। इस संबंध में पार्षद मधुमाला ने नगर आयुक्त आशीष गंगवार एवं नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह से मुलाकात कर उन्हें आवेदन सौंपते हुए बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व रेलवे का मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा था। मेंटेनेंस के दौरान जमुनिया नदी से मिलने वाला पानी का पाइप कट गया।

पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रही है हजारों की आबादी, कतरी नदी पर हुए आश्रित
पाइप लाइन कटने से कतरास राजागढ़ फाटक के पार की लगभग 5 हजार की आबादी पिछले डेढ़ वर्षों से पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रही है। उन्होंने बताया कि राजबाड़ी के दास टोला, रवानी टोला, सोनार टोला, राजगढ़, केवट टोला आदि के हजारों लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकते हैं। कई लोग महंगे दामों में पानी खरीदकर दिनचर्या में उपयोग लाते हैं। जबकि आर्थिक रूप से कमजोर लोग जो पानी नहीं खरीद पाते हैं वह कतरी नदी पर निर्भर हो गए हैं।
पार्षद मधुमाला ने इस संबंध में नगर आयुक्त एवं मेयर को रेलवे अधिकारियों के साथ बातचीत कर जमुनिया पाइपलाइन को पुनः जोड़ने एवं शीघ्र ही राजबाड़ी के लोगों को पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
