
कतरास : बाघमारा थाना अंतर्गत जमुनिया नदी में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध कोयला खनन की खबर सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ ने संयुक्त टीम बनाकर जमुनिया नदी में चल रहे कई अवैध खनन स्थल पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कई अवैध खनन स्थलों को चिन्हित कर अवैध मुहानों को बंद किया गया।

छापेमारी के दौरान यह पाया गया कि नदी के बीच और किनारों पर कई अवैध मुहाने बनाये गए थे जिससे भारी मात्रा में अवैध तरीके से कोयला खनन किया जा रहा था। यह कार्रवाई बाघमारा थाना प्रभारी अजित कुमार के नेतृत्व में की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से यहां अवैध कोयले की निकासी जारी थी। जिसके कारण राजस्व की भारी क्षति के साथ-साथ धनबाद की इस महत्वपूर्ण जमुनिया नदी के अस्तित्व पर भी संकट आ गया था।
