
कतरास: रविवार को बियाड़ा के पूर्व अध्यक्ष सह जाने-माने समाजसेवी विजय कुमार झा शुभम यादव गोलीकांड मामले में मृतक शुभम के सोनारडीह स्थित आवास पहुंचे तथा उनके परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी उन्होंने मृतक शुभम के छोटे भाई से मिलकर पूरे मामले और घटनाक्रम की जानकारी ली।

विजय कुमार झा ने बताया कि कुछ दिन पहले ही मृतक शुभम ने टंडाबारी में हुए भू धंसान में तीन लोगों की मौत को लेकर कड़ा विरोध जताया था तथा क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन के खिलाफ आवाज बुलंद किया था। वहीं दूसरी ओर कुछ दिन पहले ही शुभम ने डीजीपी को पत्र लिखकर सांसद ढुल्लू महतो एवं प्रिंस खान के बीच संबंधों की जांच पड़ताल करने और उसका खुलासा करने का मांग किया था। विजय झा ने कहा की कहीं ये जांच का मांग करना ही तो उसकी मौत का कारण नहीं है, इस बात की गहनता से जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गांधी प्रखंड कहा जाने वाला बाघमारा इन दिनों खून का इतिहास लिख रहा है। कुछ दिन पहले तेतुलमारी शक्ति चौक के समीप मनीष सिंह पर अपराधियों ने गोली चलाई उसके दो दिन बाद अपराधियों ने शुभम यादव के घर में घुसकर गोली मारा। यह सीधे सीधे पुलिस की कानून व्यवस्था को चुनौती है। सरेआम खून खराबे से आम लोग दहशत में है।

रामराज मंदिर चिटाहीधाम से 500 मीटर की दूरी पर धड़ल्ले से हो रहा है अवैध खनन- विजय झा
विजय झा ने कहा कि रामराज मंदिर चिटाही से केवल 500 मीटर की दूरी पर धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। टुंडू सीएचपी के पास अवैध खनन किया जा रहा है। क्या सांसद को इसकी जानकारी नहीं है? उन्हें बताना चाहिए कि इस पर वह चुप्पी क्यों साध रखे हैं। पूरे धनबाद जिले में अगर सबसे अधिक अपराध और अवैध खनन कहीं हो रहा है तो बाघमारा में हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब रोकने के लिए नेपाल की तरह यहां की आम जनता को आगे आना होगा।
