
तिवारी के बाउंड्री से निकलता है हर रोज दर्जनों ट्रक अवैध कोयला, प्रशासन की चुप्पी से उठ रहा है कई सवाल
कतरास: राजगंज थाना क्षेत्र में थानेदार तो बदल गया लेकिन काले कोयले का काला धंधा नहीं बदला है। नए थानेदार के आने के बाद यह कयास लगाया जा रहा था कि अब राजगंज क्षेत्र में अवैध कारोबार, अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगा लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं हुआ। नए थानेदार के आने के बाद से काले कोयले के अवैध कारोबार में जबरदस्त तेजी आई है।
पेलोडर से ट्रकों में लोड किया जाता है अवैध कोयला, वायरल वीडियो दे रही है गवाही
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राजगंज थाना क्षेत्र के महतो कांटा के समीप स्थित तिवारी जी के बाउंड्री के भीतर बड़े पैमाने पर अवैध कोयला डिपो का संचालन हो रहा है। इस डिपो में बाघमारा पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के सोनारडीह, रामकनाली और बरोरा इलाके से मिनी हाईवे के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध कोयला गिराया जाता है। रात 10 बजे के बाद अवैध कोयला लोड गाड़ियों की रफ्तार तेज हो जाती है जो सुबह 4 से 5 बजे तक चलता रहता है। बताया जाता है कि हर रोज दर्जनों ट्रक कोयला दिन के उजाले में लोड भी होता है और परिवहन भी होता है। वायरल वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि किस प्रकार कथित तिवारी जी के बाउंड्री के भीतर सैकड़ो हजारों टन अवैध कोयला का भंडारण किया हुआ है एवं कोयला लोडिंग करने के लिए ट्रकों की कतार लगी हुई है तथा पेलोडर से ट्रैकों में कोयला लोडिंग किया जा रहा है।
पंजाबी सरदार और उसके गुंडे कानून को दे रहे हैं चुनौती, सड़कों में करते हैं दबंगई
जानकारी के अनुसार इस पूरे अवैध नेटवर्क के पीछे पंजाब के किसी सरदार का हाथ है। जो भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों के मिलीभगत से बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार का नेटवर्क चला रहे है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डिपो के बाहर सरदार के गुंडे खुलेआम दबंगई करते हैं और राहगीरों को सड़क खाली करने के लिए धमकाते रहते हैं। इसके कारण क्षेत्र में भय का माहौल भी बना रहता है एवं आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी होती है।
अवैध कारोबार में पुलिस प्रशासन की संलिप्तता या लापरवाही?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजगंज थाना के कुछ भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों का सरदार जी के साथ मिलीभगत से यह अवैध डिपो फल फूल रहा है। हालांकि यह तो राजगंज पुलिस को ही स्पष्ट करना चाहिए कि उक्त अवैध डिपो की जानकारी राजगंज पुलिस को है अथवा नहीं। यदि है तो अब तक अवैध डिपो पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? पुलिस को यह भी बताना चाहिए कि क्या पुलिस अवैध कारोबारियों और उसके ठिकाने पर कार्रवाई करने से डरती है। लोगों ने उक्त डिपो पर कार्रवाई करने की मांग की है।
