
कतरास : महेशपुर कोलियरी में संचालित आउटसोर्सिंग परियोजना के ओबीआर ट्रांसपोर्टिंग कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है।सिनीडीह रोड क्रॉसिंग के समीप तेज रफ्तार ट्रांसपोर्टिंग वाहन की चपेट में आने से आजसू के प्रखंड अध्यक्ष राकेश ग्याली बाल-बाल बच गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए ट्रांसपोर्टिंग कार्य बाधित रहा।
बताया जाता है कि राकेश ग्याली अपनी कार से सुरेंद्र मार्केट सिनीडीह से बावनडीहा बस्ती की ओर जा रहे थे।इसी दौरान रोड क्रॉसिंग पर अचानक तेज गति से आउटसोर्सिंग का ओबीआर वाहन पहुंच गया। ग्याली ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह अपनी गाड़ी को बचाया।जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि सामान्य दिनों में रोड क्रॉसिंग पर आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मी झंडा लेकर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करते हैं। लेकिन घटना के समय वहां कोई सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं थी।जबकि उक्त सड़क मार्ग से लगातार स्थानीय लोगों और राहगीरों का आवागमन होता रहता है।घटना के बाद आजसू नेता राकेश ग्याली ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ट्रांसपोर्टिंग कार्य रुकवा दिया।उन्होंने कहा कि बिना सुरक्षा मानकों के भारी वाहनों का संचालन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।मामले की सूचना गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक वी विजय कुमार को दी गई। इसके बाद जीएम ने आउटसोर्सिंग प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के बाद ही ट्रांसपोर्टिंग कार्य संचालित करने का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही आउटसोर्सिंग प्रबंधन मौके पर पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होने का आश्वासन दिया गया।जिसके बाद ट्रांसपोर्टिंग कार्य दोबारा शुरू कराया गया।
