
कतरास : धनबाद जिले के बाघमारा पुलिस अनुमंडल अंतर्गत रामकनाली ओपी क्षेत्र के बीसीसीएल एरिया-4 स्थित केशलपुर कोलियरी (आंगनबाडी) इलाके में चल रहे अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। झिंझीपहाड़ी पंचायत की मुखिया प्रेमलता देवी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं ने अवैध खनन स्थल पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और खनन कार्य पर रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि केशलपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर लगातार अवैध खनन किया जा रहा है, जिससे जमीन में दरारें पड़ने लगी हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन और बीसीसीएल ने कार्रवाई नहीं की, तो इलाके में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

मुखिया प्रेमलता देवी ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी मामले को उठाते हुए कहा कि अवैध खनन के कारण पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि केशलपुर बीसीसीएल अस्पताल के पीछे बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन का खेल चल रहा है, लेकिन बीसीसीएल और पुलिस प्रशासन आंख मूंद कर बैठा है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि “कोयला माफिया अपनी कमाई के लिए गांव की जमीन और लोगों की जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
