
कतरास: धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल एरिया-तीन के बीसीसीएल कोल डंप के समीप तिवारी बस्ती में बड़े पैमाने पर चल रहे कोयला चोरी के खिलाफ बीसीसीएल एवं सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर बीसीसीएल एवं सीआईएसएफ ने योजनाबद्ध तरीके से संयुक्त कार्रवाई करते हुए कोयला के अवैध ठिकाने पर बड़ी कार्रवाई की। बताया जाता है कि कोल डंप से चोरी कर कोयला इकट्ठा किया जाता था और फिर बाइक के माध्यम से विभिन्न अवैध डिपो तक पहुंचाया जाता था। कार्रवाई के दौरान बीसीसीएल एरिया-3 के नोडल ऑफिसर (सिक्योरिटी) शशि रंजन, प्रोजेक्ट ऑफिसर एसके शरण, सीआईएसएफ के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सीआईएसएफ के जवान मौके पर मौजूद रहे।
इस कार्रवाई में अवैध कोयला ढुलाई में प्रयोग होने वाले लगभग एक दर्जन मोटरसाइकिल एवं भारी मात्रा में कोयला जब्त की गई। जब्त कोयला और बाइक को स्थानीय थाना में सुपुर्द कर दिया गया।
एरिया 3 के प्रोजेक्ट ऑफिसर “एसके शरण” ने कहा कि कोल डंप से लगातार कोयला चोरी होने के कारण स्टॉक मिलान में भारी परेशानी हो रही थी। वहीं नोडल ऑफिसर सुरक्षा शशि रंजन ने बताया कि बाइक के जरिए बड़े पैमाने पर कोयला चोरी की सूचना मिलने के बाद यह विशेष अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। दबे आवाज में ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई सिर्फ गरीब लोगों पर होती है जो रोज़गार ना होने के कारण मजबूरी में कोयला चुनने और ढोने का काम करते हैं जबकि समीप के आउटसोर्सिंग कंपनी में मिलीभगत कर रातो-रात दर्जनों ट्रक कोयला चोरी प्रतिदिन होता हैं ।
