
कतरास: पिछले कई दिनों से दुर्गा कॉलोनी कोलडंप में पानी सप्लाई नहीं होने के मामले को लेकर दुर्गा कॉलोनी की महिलाओं एवं ऑपरेटर शुकर सिंह के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था। महिलाओं ने आरोप लगाते हुए कहा था कि पिछले कई दिनों से ऑपरेटर के द्वारा पानी सप्लाई नहीं किया जा रहा है जिससे काफी परेशानी आ रही है। मामले की शिकायत बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो से भी की गई। बाघमारा विधायक ने मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए शनिवार सुबह 7:30 बजे के लगभग दुर्गा कॉलोनी कोलडंप पहुंचे तथा ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात की। फिर बगल में स्थित पानी टंकी का निरीक्षण किया। मौके पर ही ऑपरेटर शूकर सिंह को बुलाया गया। दोनों पक्षों को सुना एवं स्वयं मामले का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति से पूरी तरह अवगत हुए।
महीना वसूलने के बाद चार दिन ठीक से पानी मिलता है फिर पानी मिलना बंद हो जाता है- ग्रामीण महिलाएं
महिलाओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्गा कॉलोनी में सैकड़ो क्वार्टर है, पानी सप्लाई करने के लिए ऑपरेटर प्रत्येक क्वार्टर से 50 रुपया महीना वसूलता है। जब पैसा लेता है उस समय 4 दिन सही से पानी देता है उसके बाद पानी सप्लाई नहीं करने लगता है। एक बार जब एक ग्रामीण ने पानी की किल्लत होने पर पानी का वाल्व खुद से खोल दिया था। तब ऑपरेटर उसे घर से उठाकर कुछ दूर ले जाकर मारने पीटने का धमकी दिया था। हमलोगों को भी गोली मारने का धमकी दिया था। महिलाओं ने कहा कि उसके धमकी से वे लोग डरे सहमे हैं। इसकी शिकायत थाना से करेंगे।
रात में वाल्व खोलकर टंकी का पानी खाली कर दिया जाता है – शूकर सिंह
वहीं ऑपरेटर शूकर सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार कर दिया। ऑपरेटर ने कहा कि वार्ड 01 एवं वार्ड 3 के कई इलाकों में पानी सप्लाई करना पड़ता है। कभी कभी टंकी में पानी खत्म हो जाने के कारण समय पर पानी सप्लाई नहीं हो पाता है। वहीं दुर्गा कॉलोनी के महिलाओं पर रात में वाल्व खोलकर टंकी का पानी खाली कर देने का आरोप लगाया।
जब भी टंकी में पानी भरे तो पर्याप्त मात्रा में पानी सप्लाई करें ऑपरेटर- शत्रुघ्न महतो
मौके पर पहुंचे विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि पानी समय पर नहीं मिलने की शिकायत पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कभी जमुनिया में गाय मर जाने के कारण, तो कभी टंकी खाली रहने के कारण दुर्गा कॉलोनी वासियों को समय पर पानी नहीं मिल पाता है। ऑपरेटर को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया है कि जब भी टंकी में पानी भरे तो पर्याप्त मात्रा में पानी सप्लाई किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी में पानी का किल्लत ज्यादा है इसलिए टैंकर से भी पानी की आपूर्ति की जाती है। उन्होंने कहा कि अब निर्विवाद रूप से पहले की तरह पानी सप्लाई किया जायेगा।
