
कतरास: धनबाद जिला अंतर्गत ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में इन दिनों कोयला माफियाओं का हौसला बुलंद हैं। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार फल-फूल रहा है। ईस्ट बसुरिया चेक पोस्ट के पीछे स्थित ग्राउंड के बगल में पहले हरे पर्दे से घेराबंदी कर अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहा था, लेकिन प्राप्त जानकारी के अनुसार अब हरे पर्दे के बाहर शादी समारोह में उपयोग होने वाले पर्दों से घेराबंदी कर अवैध कोयले का कारोबार संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों के शिकायत के बावजूद अब तक कारवाई नहीं होने से कोयला माफियाओं का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है।
अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से अविलंब जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अवैध तस्करी को बढ़ावा मिलता रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि राष्ट्रीय संपत्ति की लूट होने से बचाया जाए और क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रह सके।
