
कतरास: धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 1 के डॉक्टर पाड़ा में चल रहे नाली निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं की शिकायत सामने आ रही है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री उपयोग करने की शिकायत की है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य में जहां चिमनी भट्टा के उच्च गुणवत्ता वाले ईंटों का उपयोग किया जाना चाहिए, वहां संवेदक द्वारा बांग्ला भट्टा के डी-ग्रेड ईंट लगाए जा रहे हैं। वहीं घटिया किस्म के बालू का भी उपयोग किया जा रहा है। निर्माण के दौरान सीमेंट का घोल का उपयोग करना होता है लेकिन वो भी नही किया जा रहा है। इससे नाली निर्माण की मजबूती और टिकाऊपन पर असर पड़ सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकारी राशि का दुरुपयोग कर निम्न स्तर का कार्य कराया जा रहा है।

लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर जूनियर इंजीनियर की मौजूदगी नहीं रहने के कारण संवेदक मनमानी तरीके से कार्य कर रहा है। निगरानी के अभाव में निर्माण मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि कार्य की सही तरीके से जांच नहीं होने के कारण घटिया सामग्री का इस्तेमाल धड़ल्ले से जारी है। स्थानीय वार्ड वासियों ने धनबाद नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी संवेदक और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि जनता के टैक्स के पैसों से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। यदि समय रहते इस मामले पर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में नाली क्षतिग्रस्त होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
