
कतरास: कतरास गद्दी मोहल्ला सहित पूरे पचगढ़ी बाजार में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों का आक्रोश भड़क गया। स्थानीय लोगों ने नेत्री कमला कुमारी के नेतृत्व में कतरास केंदुआ करकेन्द मुख्य मार्ग को चौधरी नर्सिंग होम के पास जाम कर दिया। इस जाम में सैकड़ो गाड़ियां फंस गई। हालांकि स्कूल वैन एवं एंबुलेंस को जाने दिया जा रहा था। कमला कुमारी ने बताया कि पिछले चार दिनों से इस भीषण गर्मी में बिजली की समस्या से हजारों की आबादी परेशान है। एसडीओ एवं जेईई को शिकायत करने पर रहते हैं कि कुछ ही देर में बिजली ठीक हो जाएगा। ऐसा करते-करते चार दिन बीत गए। कई छोटे-छोटे बच्चों का तबीयत खराब हो गया है। बिजली बाधित रहने के कारण पानी का सप्लाई भी बाधित है। इसके अतिरिक्त अन्य कई रोजमर्रा के कार्य भी बाधित हो रहे हैं। कहा कि जब तक बिजली बहाल नहीं होगा तब तक सड़क जाम नहीं हटेगा।
वहीं जाम की खबर सुनते ही कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीओ के साथ वार्ता करने एवं बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया जिसके बाद सड़क जाम हटा दिया गया। मौके पर बबलू विश्वकर्मा, ऋषभ गुप्ता, सूरज शर्मा, आदर्श कुमार, रवि शर्मा, छोटू केशरी, आदर्श सिंह, राकेश प्रसाद केशरी, चंदन केशरी आदि कई लोग मौजूद थे।
