
कतरास: कोयलांचल में कोयला का काला कारोबार और इसे खेलने वाले काले धंधेबाज वर्चस्व कायम करने के लिए खून की होलियां खेलते आए हैं। इस खून की होली से कोयलांचल की काली धरती कई बार रक्तरंजित हुई है। लेकिन कम समय में करोड़पति और अरबपति बनने के ख्वाब देखने वाले काले धंधेबाज वर्चस्व जमाने की खातिर अक्सर खून खराबे करता आया है।
बीती रात लगभग एक बजे कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान में कोयला के काले कारोबार में संयुक्त दो गुटों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस गोलीबारी में दोनों पक्षों के 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिनके नाम मोहम्मद तौसीफ और नीतीश बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तौसीफ के कंधे में गोली लगी है जिसे डॉक्टर ने रेफर कर दिया है और उसका इलाज दुर्गापुर में हो रहा है। जबकि नीतीश का ईलाज स्थानीय निचितपुर क्लिनिक में हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार विमल, कतरास थानेदार प्रवीण कुमार एवं कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी अजीत कुमार विमल ने बताया कि गोलीबारी में शामिल सभी लोगों की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वही गोलीबारी की इस घटना से छाताबाद सहित पूरा कतरास में दहशत का माहौल है।

वर्षों से चल रहा है खूनी संघर्ष, पहले भी हुई है हत्या
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद के समीप एक आउटसोर्सिंग प्रोजेक्ट है, जिसमें लंबे समय से अवैध खनन एवं अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। हर रोज लाखों रुपए का कोयला की तस्करी कोयला के काले धंधेबाजों के द्वारा किया जाता है। लेकिन कोयला धंधेबाजों की आपस में ही फूट पड़ी हुई है। कोयला धंधेबाज अवैध खनन स्थल और अवैध मुहानों पर कब्जा जमाने के लिए इस तरह का खूनी खेल खेलते आए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में भी वर्चस्व कायम करने की नीयत से दो गुटों में गोलीबारी की घटना हुई है। हालांकि पुलिस ने इस घटना के लिए आपसी रंजिश को जिम्मेदार बताया है। बता दे कि आज से कुछ वर्ष पूर्व भी छाताबाद के कैलूडीह में मनोज यादव नामक कोयला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
वहीं घायल नीतीश यादव के पिता ने कहा कि उसका बेटा रात में अपनी मवेशी को देखने निकला था इसी दौरान गोली लग गया। आनन-फ़ानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय वह घर के अंदर सोया हुआ था
आपसी रंजिश के कारण घटना हुई है- थाना प्रभारी कतरास
घटना को लेकर कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि बुधवार की रात दो पक्षों में आपसी रंजिश को लेकर गोलीबारी हुई थी। दो लोगों को गोली लगी है। मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी करने का प्रयास भी किया जा रहा है। जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।
