
कतरास: चेक क्लियरेंस प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाकर रिटायर्ड बीसीसीएल कर्मी बासुदेव ठाकुर के खाते से 35.50 लाख रुपया का गबन एवं प्राथमिकी दर्ज होने के पांच माह बीत जाने के बाद भी न्याय नहीं मिलने से हताश भुक्तभोगी बासुदेव ठाकुर ने सोमवार से रणधीर वर्मा चौक धनबाद में आमरण अनशन शुरू कर दिया है। इस आमरण अनशन पीड़ित ठाकुर की पत्नी, उसके चारों पुत्र, पुत्र बधू और उसके पोता पोती भी है ।
शिकायत के 5 महीना बाद भी पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
श्री ठाकुर ने मीडिया को बताया कि उसका सैलरी खाता एसबीआई के धनबाद स्टेशन शाखा में है। इसी खाते पर बीसीसीएल से सेवानिवृति के पश्चात उसके भविष्य निधि का रकम लगभग 40 लाख रुपया 1 नवंबर 2025 को प्राप्त हुआ। जिसे बैंक कर्मियों की मिली भगत से उसके सेल्फ चेक से दो बार अवैध निकासी हुई। इस निकासी में चेक क्लियरेंस प्रोटोकॉल एवं नियमावली का अनुपालन बैंक द्वारा नहीं किया गया। जब उसे घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल(जनवरी में) बैंक मोड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। परंतु अभी तक बैंक द्वारा न ही इस धोखाधड़ी की जांच किया गया और न ही पुलिस प्रशासन द्वारा इस प्रकरण में संलिप्त बैंक के अधिकारी/कर्मी और वह संदिग्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है। जिनके खाते में मेरे चेक से रकम भुगतान हुआ है उसके बारे RTI ACT 2005 के तहत सूचना भी बैंक द्वारा नहीं दिया जा रहा है। आमरण अनशन और सत्याग्रह के अलावा मेरे पास कोई चारा नहीं है। मेरे बाल बच्चों एवं परिवार का भविष्य जीवन अंधकारमय हो गया है । इसलिए अपने अपने 35.5 लाख रुपए के लिए आंदोलन में हूं ।
बैंक प्रबंधन की लापरवाही से मजदूर की वर्षों की गाढ़ी कमाई एक झटके में डूब गई- जगत महतो
धरना में मौजूद ग्राम स्वराज अभियान के प्रमुख सह आरटीआई कार्यकर्ता जगत महतो ने बासुदेव ठाकुर के आंदोलन को समर्थन दिया है। जगत ने मीडिया को बताया कि एक मजदूर की वर्षों की गाढ़ी कमाई एक झटके में डूब गई है । एसबीआई को चेक विथड्रावल से संबंधित सूचना खाताधारी को देना चाहिए, सूचना छुपाने से बैंक की संलिप्तता प्रतीत होती है। 35.5 लाख चेक से किसी व्यक्ति को बैंक द्वारा लेनदेन कर दिया और खाताधारी बासुदेव ठाकुर को कन्फर्मेशन कॉल बैंक द्वारा नहीं किया गया। इस फ्रॉड में बैंक के अधिकारी की लापरवाही और भ्रष्टाचार स्पष्ट होता है।
धरना के दौरान जगत महतो ने एसडीओ, धनबाद से मिलकर बासुदेव ठाकुर की समस्या से अवगत करवाया। जानकारी के अनुसार एसडीओ ने बासुदेव ठाकुर की समस्या का निदान शीघ्र कराने की बात कही ।
