
कतरास/धनबाद : शनिवार को मैथन डैम में नौकायान के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पर्यटकों से भरी एक नाव पानी के भीतर छिपे पत्थर से टकराने के बाद डूबने लगी, लेकिन स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन की सूझबूझ और बहादुरी से नाव पर सवार करीब एक दर्जन पर्यटकों की जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार, पर्यटकों से भरी नाव मजूमदार निवास से सबुज दीप की ओर जा रही थी। इसी दौरान डैम का जलस्तर कम होने के कारण पानी के भीतर मौजूद एक बड़े पत्थर से नाव की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर से नाव का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें तेजी से पानी भरने लगा। देखते ही देखते नाव डूबने लगी, जिससे पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के समय बाबू बोट घाट के स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन की नजर डूबती नाव पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए अपनी स्पीड बोट घटनास्थल की ओर मोड़ी और जोखिम उठाकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता और साहस के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद डैम किनारे लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय नाविकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मैथन डैम का जलस्तर लगातार घट रहा है, जिससे कई स्थानों पर बड़े-बड़े पत्थर उभर आए हैं। ये पत्थर नौकायन करने वालों और पर्यटकों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि डैम क्षेत्र में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं और खतरनाक स्थानों पर चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
सौभाग्य से इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। घटना के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने ताजुद्दीन की बहादुरी की जमकर सराहना की।
