
कतरास: जमीन का ऑनलाइन रसीद कटवाने, ऑनलाइन एंट्री करवाने एवं सुधार करवाने की मांग को लेकर रैयत कमल महतो एवं दिलीप महतो ने एक बार फिर से अंचल कार्यालय बाघमारा में धरना शुरू कर दिया है। ज्ञात हो कि इससे पहले भी ग्राम स्वराज अभियान के बैनर तले इन रैयतों के द्वारा धरना दिया गया है। रैयतों ने बताया कि ऑनलाइन रसीद, ऑनलाइन सुधार एवं ऑनलाइन प्रविष्टि नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण बाध्य होकर सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया गया है।
वही आंदोलन की जानकारी मिलने पर ग्राम स्वराज अभियान के संस्थापक शहर सामाजिक कार्यकर्ता जगत महतो मौके पर पहुंचे तथा आंदोलन को समर्थन करते हुए कहा कि अंचल कार्यालय बाघमारा में बिचौलिया हावी है, इसलिए आम जनता का कोई भी कार्य सुचारू रूप से नहीं हो रहा है। जिसके कारण रैयत सत्याग्रह पर बैठने को मजबूर हैं। अंचल अधिकारी को इन रैयतों का मामला शीघ्र निष्पादित करते हुए कार्यालय की पारदर्शिता बनाएं रखना चाहिए।
