
कतरास/धनबाद: झारखंड बास्केटबॉल संघ (JBA) के तत्वावधान में धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ (DDBA) द्वारा आयोजित 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ मंगलवार को के. के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, नीरो, गोविंदपुर, धनबाद में भव्य समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम का भव्य उदघाटन मुख्य अतिथि जमशेदपुर पूर्वी के विधायक एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री रहे श्री सरयू राय सहित अन्य अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पूर्व राज्य के विभिन्न जिलों से आए बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट की।
धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ की अध्यक्ष डॉ. साधना कुमारी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर झारखंड बास्केटबॉल संघ के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच श्री जे. पी. सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने एवं राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कड़ी मेहनत एवं अनुशासन के साथ अपने खेल को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि श्री सरयू राय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि झारखंड प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की धरती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में से भविष्य का कोई खिलाड़ी भारतीय बास्केटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करेगा और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगा। उन्होंने खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम के दौरान क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित दर्शकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर झारखंड बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष ओलंपियन श्री हरभजन सिंह, पूर्व बियाडा अध्यक्ष श्री विजय झा, डॉ. शिवानी झा, डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी, उदय कांत तिवारी, जुबैर आलम, दीपक केसरी, नरेंद्र सिंह, मोहन धारी, मीरा यादव, सुमित मंडल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर अनंत श्रीकृष्ण (संयुक्त सचिव, धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ), पंकज कुमार (समन्वयक, धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ) एवं तपन सेन (आयोजन सचिव, 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026) सहित आयोजन समिति के सभी सदस्यों ने खिलाड़ियों एवं अतिथियों के स्वागत तथा प्रतियोगिता के सफल संचालन में सक्रिय योगदान दिया। बताया गया कि प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए लगभग 400 बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आगामी दिनों में लीग एवं नॉकआउट मुकाबलों के माध्यम से राज्य की सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन किया जाएगा।
