
कतरास/धनबाद : केन्दुआडीह क्षेत्र में लगातार हो रही भू-धंसान और गैस रिसाव की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। स्थानीय लोगों की सुरक्षा और समस्या के स्थायी समाधान को लेकर 23 जून 2026 (मंगलवार) को पूर्वाह्न 11:30 बजे समाहारणालय सभागार, धनबाद में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता धनबाद के उपायुक्त-सह-अध्यक्ष करेंगे।
बैठक में धनबाद के सांसद, झरिया, धनबाद, बाघमारा, सिन्दरी, टुंडी और निरसा के विधायक, धनबाद नगर निगम के महापौर, जिला परिषद अध्यक्ष, डीजीएमएस के महानिदेशक, बीसीसीएल के सीएमडी एवं पीबी एरिया के महाप्रबंधक, जेआरडीए के के वरिष्ठ अधिकारी, एसएसपी, डीडीसी, नगर आयुक्त, अंचल अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
गौरतलब है कि केन्दुआडीह और आसपास के क्षेत्रों में भूमिगत आग, जहरीली गैसों का रिसाव और लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में इस उच्चस्तरीय बैठक से प्रभावित परिवारों को राहत, सुरक्षित पुनर्वास और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए ठोस निर्णयों की उम्मीद की जा रही है।
