
कतरास : कतरास के छाताबाद में लगातार हो रहे भू-धंसान से स्थिति भयावह होती जा रही है। घटना के तीसरे दिन गुरुवार को धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो प्रभावित क्षेत्र पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सांसद ने स्थानीय पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं सुना। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता और जल्द से जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।
प्रशासन और बीसीसीएल की कार्यशैली पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान सांसद ढुल्लू महतो ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल (BCCL) प्रबंधन की ढुलमुल कार्यशैली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। सांसद ने मौके से ही दूरभाष (फोन) पर कोल इंडिया के चेयरमैन, धनबाद के उपायुक्त (DC), बीसीसीएल एरिया-3 के महाप्रबंधक (GM) और कतरास थाना प्रभारी से सीधे बात की। उन्होंने सभी अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने, प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा पुख्ता करने और पीड़ितों के राहत व पुनर्वास (Rehabilitation) की प्रक्रिया में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया। हालांकि छाताबाद के लोग सभी नेताओं से चिढ़े हुए हैं। पीड़ित लोगों का कहना है कि पहले ये नेता कहां थे और अब घटना के बाद सांत्वना देने के लिए क्यों आ रहे हैं।
बुधवार की रात फिर मची अफरा-तफरी, आधा दर्जन घरों की दीवारें चटकी, उग्र हुए लोग
इधर, छाताबाद में खतरा टला नहीं है। बुधवार की रात अचानक आधा दर्जन से अधिक घरों की दीवारें एक बार फिर चटक गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जान माल की सुरक्षा को देखते हुए करीब 10 से ज्यादा परिवारों ने आनन-फानन में अपने घरों को खाली करना शुरू कर दिया।
रात में ही लोग पिकअप वैन मंगाकर अपने घरों का सामान लोड करते नजर आए। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रात को एक बार फिर कुछ देर के लिए कतरास-छाताबाद मुख्य मार्ग को जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रभावितों का कहना है कि वे अपने ही घरों में रहने से डर रहे हैं, लेकिन उनके पास जाने का कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। सांसद की पहल के बाद अब देखना यह है कि बीसीसीएल और प्रशासन इस दिशा में कितनी जल्दी कदम उठाता है।
