
कतरास : कतरास वार्ड संख्या एक के अलगडीहा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सरकारी दावों और जमीनी हकीकत का एक शर्मनाक नजारा देखने को मिला। मंगलवार को नियमित टीकाकरण के दिन भी आंगनबाड़ी केंद्र में 11:30 बजे ताला लटका देखा गया। बेमौसम बरसात और अव्यवस्था के बीच सहिया लक्ष्मी देवी की मौजूदगी में एएनएम नीतू कुमारी ने आंगनबाड़ी के बाहर जैसे-तैसे दर्जनों बच्चों का टीकाकरण किया। हैरान करने वाली बात यह रही कि टीकाकरण के लिए एएनएम और सहिया को बैठने तक की जगह नहीं मिली। सहिया लक्ष्मी देवी ने अपने घर और पड़ोस से मांगकर दो कुर्सियां जुटाईं, जिसके बाद आंगनबाड़ी के बरामदे में ही किसी तरह बच्चों को टीका लगाया जा सका।
पोलियो अभियान में भी बंद था आंगनबाड़ी केंद्र, स्थानीय लोगों में भारी रोष
टीकाकरण के लिए अपने बच्चों को लेकर पहुंची आरती शर्मा, कंचन कुमारी, आशा कुमारी और अंजली कुमारी सहित कई अन्य स्थानीय ग्रामीणों ने इस कुव्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आंगनबाड़ी केंद्र हमेशा बंद ही रहता है। जब कभी जांच होने वाली होती है, केवल तभी इसे खोला जाता है।
ड्यूटी पर तैनात एएनएम नीतू कुमारी ने भी ग्रामीणों के आरोपों की पुष्टि करते हुए कहा, “यह आंगनबाड़ी केंद्र कई बार टीकाकरण के दिन बंद पाया गया है। आज भी इसमें ताला लटका हुआ है। हद तो तब हो गई जब बीते 28 जून को राष्ट्रीय पोलियो अभियान के दौरान भी इस केंद्र में ताला बंद मिला, जिसके कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।”
सेविका पर मनमानी का आरोप, कार्रवाई की उठी मांग
स्थानीय लोगों का सीधा आरोप है कि आंगनबाड़ी सेविका नमिता राय पूरी तरह से मनमाने ढंग से आंगनकेंद्र चलाती हैं। महीने में बमुश्किल एक-दो दिन ही केंद्र खुलता है, जबकि अन्य आंगनबाड़ी केंद्र प्रतिदिन खुल रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्र अलगडीहा के लगातार बंद रहने से न तो बच्चों को शिक्षा और पोषाहार मिल पा रहा है और न ही गर्भवती महिलाओं को इसका कोई लाभ मिल रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल सेविका के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
इन दिनों एसआईआर के कार्यों में व्यस्त हूं- नमिता राय
जब इस संबंध में आंगनबाड़ी सेविका नमिता राय से बात की गई, तो उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि वे इन दिनों ‘एसआईआर’ (SIR) के सरकारी कार्यों में व्यस्त हैं और एक बैठक में हैं। वहीं सहिया लक्ष्मी देवी ने बताया कि केंद्र की चाबी उनके पास नहीं रहती, लेकिन इसके बावजूद वे हर टीकाकरण सत्र में उपस्थित रहकर अपना पूरा सहयोग देती हैं।
अंचल अधिकारी से करूंगी आंगनबाड़ी सेविका की शिकायत- पार्षद मधुमाला
इस मामले पर क्षेत्र की वार्ड संख्या-1 की पार्षद डॉ. मधुबाला ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस आंगनबाड़ी केंद्र की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। सेविका नमिता राय अपने कर्तव्यों का पालन ठीक से नहीं कर रही हैं, जिससे गरीब परिवारों और बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मैं इसकी लिखित शिकायत तत्काल अंचल अधिकारी बाघमारा (सीओ) से करूंगी ताकि इस लापरवाही पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा सके।” जानकारी के अनुसार अंचल अधिकारी बाघमारा वर्तमान में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) के अतिरिक्त प्रभार में हैं। अब देखना है कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

