
कतरास: एक तरफ जहां सीआईएसएफ की सख्ती के बाद कोयलांचल के कई हिस्सों में अवैध कोयला कारोबार बंद हो गया है वहीं दूसरी ओर बाघमारा पुलिस अनुमंडल अंतर्गत रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर में रात को बड़े पैमाने में कोयला तस्करी जारी है, उक्त आरोप केशलपुर के स्थानीय ग्रामीणों ने लगाया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन मिनी हाईवा के जरिए केशलपुर स्थित बीसीसीएल अस्पताल के पीछे अवैध कोयला कटाई कर बड़े पैमाने में तस्करी हो रही है। कोयला की कटाई से लेकर कोयला ढुलाई तक सभी काम शाम ढलते ही रात के अंधेरे शुरु होता है और सुबह सूरज की पहली रोशनी पड़ते ही काम बंद हो जाता है। लोगों के अनुसार हर रोज लगभग 5 से 7 गाड़ी कोयला की तस्करी की जा रही है।
देखा गया 3 मिनी हाईवा और दर्जनों की संख्या में मजदूर
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार रात लगभग 10:30 बजे उक्त स्थल में तीन मिनी हाईवा, 2 पिकअप वैन और दर्जनों की संख्या में मजदूर और कोयला तस्करों को देखा गया। मजदूरों द्वारा मिनी हाईवा में कोयला लोडिंग करने की प्रक्रिया चल रही थी।
कतरास थाना क्षेत्र से गुजरती है कोयला लोड मिनी हाईवा
रामकनाली ओपी क्षेत्र से निकलकर कोयला लोड हाईवा गुहीबांध, कतरास मोड, भगत सिंह चौक , राहुल चौक, होते हुए राजगंज की ओर प्रवेश करती है। अवैध कारोबार में संलिप्त कुछ लोगों को रास्ते में रेकी करते हुए भी देखा जा रहा है। ये लोग कौन हैं यह जांच का विषय है।
सीआईएसएफ की सख्ती के बाद किसके संरक्षण में चल रहा है कोयला
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में सीआईएसएफ, बीसीसीएल एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कई अवैध खनन स्थलों में छापेमारी की गई जहां से भारी मात्रा में अवैध कोयला भी जब्त किया गया। लेकिन विडम्बना यह है कि रामकनाली के केशलपुर में रात के अंधेरे में अवैध कोयला खनन और कारोबार धड़ल्ले से जारी है। सीआईएसएफ और बीसीसीएल की सख्ती के बाद आखिर किसके संरक्षण में रामकनाली ओपी क्षेत्र में रात के अंधेरे में कोयला का काला कारोबार किया जा रहा है? आखिर कैसे रामकनाली पुलिस के नाक के नीचे से हर रोज कैसे कोयला की तस्करी हो रही है।
लोगों ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है
