
कतरास: धनबाद नगर निगम के कतरास बाजार अंतर्गत वार्ड संख्या 1 में चल रहे नाली निर्माण कार्य पर स्थानीय ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण में गुणवत्ता की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है, जिससे सरकारी पैसे का दुरुपयोग होने के साथ-साथ भविष्य में बड़ी समस्या पैदा होने की आशंका है।
इस संबंध में सिंह बस्ती के ग्रामीणों ने नगर आयुक्त एवं धनबाद उपायुक्त को मांग पत्र देते हुए निर्माण कार्य में हो रही अनियमितताओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया है।
बिना एस्टीमेट और घटिया सामग्री से हो रहा निर्माण:
शिकायत पत्र के अनुसार, कतरास कॉलेज के समीप स्थित सिंह बस्ती में नाली का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पीएन सिंह, मुकेश सिंह, कुलदीप कुमार सिंह विवेक कुमार सिंह, संजय सिंह अजय कुमार सिंह, कृष्ण सिंह, पी सिंह , किशन सिंह संजीत सिंह, आशीष सिंह, ईश्वर लाल शर्मा, सोनू शर्मा, छोटू कुमार, अनिल सिंह आदि ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और मुंशी मिलीभगत कर घटिया किस्म की बालू और ईंट का इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही, नाली में लगाई जा रही लोहे की छड़ें भी बेहद पतली हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने जब मुंशी से गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने का अनुरोध किया, तो मुंशी ने ऊपर से यही आदेश है कहकर पल्ला झाड़ लिया। ग्रामीणों ने जब एस्टीमेट दिखाने का मांग तो कहा गया कि एस्टीमेट ठेकेदार के पास रहता है।
पहली बारिश में ही बह गया सीमेंट:
ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश में ही निर्माणधीन नाली से सीमेंट और बालू बह गया, जिससे गिट्टी दिखने लगी है। इससे साफ पता चलता है कि निर्माण कार्य कितना कमजोर और घटिया दर्जे का है। अगर जल्द ही गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया, तो पूरा नाली कुछ ही समय में टूट जाएगी।
जांच और कार्रवाई की मांग:
ग्रामीणों ने नगर आयुक्त और धनबाद उपायुक्त से मांग किया है कि नाली निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और गुणवत्ता की अनदेखी करने वाले ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुसार नाली निर्माण कार्य करने का आदेश दिया जाए ताकि नाली का लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सके।
