
कतरास : ईष्ट बसुरिया ओपी अंतर्गत सोरीटांड स्थित कौशल पुरम के समीप झाड़ियों में जयराम मांझी नामक व्यक्ति का शव पाया गया। मृतक जयराम बीसीसीआई के तेतुलमारी कोलियरी में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। घटना स्थल के समीप पुलिस को टाटा नेक्सन कार जेएच 10 सी एक्स 1864 बरामद हुई जो कि मृतक जयराम मांझी का बताया जा रहा है।
जयराम मांझी बीसीसीआई के तेतुलमारी कोलियरी में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। 23 जुलाई को कार्यस्थल से निकलने के बाद अपने घर बरवा अड्डा जाने के लिए निकले। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसी क्रम में सोरीटांड के कौशल पुरम के समीप घटना को अंजाम दिया गया है। शुक्रवार को बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार विमल कतरास थाना इंस्पेक्टर मोहम्मद रुस्तम अंसारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल के आस पास झाड़ियों में खोज अभियान चलाया।
मृतक जयराम मांझी की पत्नी लूखी देवी ने बताया कि जयराम मांझी अपने कार्य पर गए थे। शाम को नहीं लौटे। रात करीब दस बजे पुलिस के द्वारा सूचना प्राप्त हुई। जयराम मांझी की हत्या को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता रतिलाल टुडू ने जयराम मांझी की हत्या की निंदा की। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने और फांसी की सजा दिलाने की मांग की। रतिलाल टुडू ने कहा कि जयराम मांझी के हत्यारों को पकड़ने में अगर प्रशासन विफल होती है तो हमारा समाज हत्यारों को पकड़ने का काम करेगी। बताया गया कि जयराम मांझी का पोस्टमार्टम करने के उपरांत शव परिजन को सौंप दिया जाएगा।
जयराम मांझी हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ईष्ट बसुरिया ओपी का घेरा
झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के जोनल उपाध्यक्ष रतिलाल टुडू के नेतृत्व में आज जयराम मांझी हत्याकांड के आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी एवं मामले के शीघ्र उद्भेदन की मांग को लेकर ईष्ट बसुरिया ओपी का घेराव किया गया। श्री टुडू ने बताया कि बीसीसीआई एरिया-5 अंतर्गत तेतुलमारी कोलियरी में कार्यरत जयराम मांझी अपनी सामान्य पाली की समाप्ति के बाद अपनी टाटा नेक्सन कार (खल 10उ 1864) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोरीटांड क्षेत्र में उनकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। बाद में स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया। घेराव के दौरान रतिलाल टुडू ने ईष्ट बसुरिया ओपी प्रभारी सुधांशु श्रीवास्तव को प्राथमिकी दर्ज कराते हुए मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष, गहन एवं त्वरित अनुसंधान कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई ही पीड़ित परिवार को न्याय दिला सकती है। उन्होंने कहा कि झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
इस दौरान आदिवासी समाज के अनेक प्रतिनिधि एवं महिलाएं, यूनियन की बड़ी संख्या में साथी कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिकों संग अनिल टुडू, टुंडी विधायक प्रतिनिधि विरजू सोरेन, मोहराराम मांझी, सुरेन्द्र हेम्ब्रम, निर्मल हेम्ब्रम, राम कुमार राम, नितिन कुमार, क्रिश रवानी, राजु कुमार, मनोज कुमार प्रजापति, साहिल कुमार, संजीत पासवान, आशीष कुमार, मनीष कुमार सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
