
धनबाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने निरसा के बेनागोड़िया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का आज औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, बुनियादी सुविधाएं, स्वच्छता तथा छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, छात्रावास, सुरक्षा तथा भोजन कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की और निर्देश दिया कि बच्चों को पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन समय पर उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे पठन-पाठन का स्तर ऊंचा रखें और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने छात्रावास एवं परिसर में बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने का भी निर्देश दिया।
विद्यालय में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय सहित अन्य सभी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय के छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विद्यालय में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश करना वर्जित है। उन्होंने विद्यालय के सीसीटीवी कैमरों और मोनिटर की भी जांच की। साथ में लेखा जोखा से संबंधित विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों से बातचीत की। उनके पठन-पाठन का फीडबैक लिया और उन्हें कड़ी मेहनत कर जीवन में ऊंचा लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन के साथ उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग, निरसा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
