
कतरास: बीसीसीएल (BCCL) बरोरा क्षेत्र के नेहरू चौक स्थित कंपनी के स्वामित्वाधीन भवन, जहां पूर्व में नेहरू बालिका उच्च विद्यालय संचालित था, पर अवैध कब्जे और अधिकारियों को धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक (प्रशासन) अजय सिंह यादव के लिखित आवेदन पर बाघमारा थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

ताला तोड़कर किया गया अवैध कब्जा
आवेदन के अनुसार, पूर्व विद्यालय परिसर का ताला तोड़कर सुनैना देवी (पति- तेतुलियांड, थाना-बाघमारा) के नेतृत्व में एक समूह द्वारा जबरन अवैध अतिक्रमण कर कब्जा कर लिया गया है। बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा पूर्व में भी इस सरकारी संपत्ति को खाली करने का अनुरोध किया गया था, लेकिन आरोपियों ने परिसर खाली नहीं किया।
निरीक्षण के दौरान दी फर्जी केस में फंसाने की धमकी
मामला तब और गंभीर हो गया जब 5 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:20 बजे बीसीसीएल के क्षेत्रीय प्रबंधक (प्रशासन) अजय सिंह यादव, प्रबंधन प्रशिक्षक चांदनी सिंह कटियार, सौरव आनंद, सुरक्षा निरीक्षक लालमोहन रजवार, सुरक्षा प्रहरी बिनोद बाउरी तथा सीआईएसएफ के जवान (ए.के. पांडे, इटंगी रोहित, मिस पार्वती तिर्की) के साथ परिसर का निरीक्षण करने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि पूरे विद्यालय भवन पर ताला तोड़कर अवैध कब्जा कर लिया गया है। जब अधिकारियों ने शांतिपूर्वक परिसर खाली करने का अनुरोध किया, तो सुनैना देवी एवं उनके साथ उपस्थित महिला-पुरुष आक्रोशित हो गए। उन्होंने स्पष्ट मना करते हुए धमकी दी कि “यदि परिसर खाली करने का दबाव बनाया गया, तो आप लोगों पर झूठे आरोप लगाकर केस कर देंगे।” स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण अधिकारियों को वहां से सुरक्षित निकलना पड़ा।
थाने में मामला दर्ज, ASI कर रहे जांच
अजय सिंह यादव के आवेदन पर बाघमारा पुलिस ने मामला दर्ज (कांड संख्या- 109/26) कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच का जिम्मा एएसआई (ASI) इंद्रलोक पासवान को सौंपा गया है।
कब्जाधारियों को किसका संरक्षण मिला है
सवाल उठता है कि इन कब्जाधारियों को राजनीतिक संरक्षण मिला है या फिर किसी माफिया का संरक्षण प्राप्त है जिसके चलते वे बीसीसीएल के भवन में कब्जा करने का साहस जुटा पाई है। अब देखना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस प्रशासन अवैध कब्जे को हटाने में सफल होती है या कब्जाधारियों का कब्जा बरकरार रहेगा…
