
कतरास : छाताबाद भू धंसान मामले में घटना के बाद प्रभावित कई परिवारों ने अपना बोरिया बिस्तर समेट कर पलायन करना शुरू कर दिया। पलायन करने वाले सभी लोगों के आंखों में दर्द और आंसू साफ-साफ दिखाई दे रहे थे। वहीं शनिवार को नेताओं जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों का आना-जाना लग रहा। आइए जानते हैं किसने क्या कहा –

इस भीड़ में भी हमारे अगल-बगल कोयला चोर घूम रहे हैं- सांसद ढुल्लू महतो
शनिवार को धनबाद सांसद ढुल्लू महतो कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत भू धंसान प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। वहां कुछ प्रभावित महिलाओं एवं अन्य लोगों ने सांसद ढुल्लू महतो का विरोध और हंगामा भी किया। सांसद ने हालात का जायजा लिया और घटना का ठीकरा बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन पर फोड़ा। उन्होंने कहा कि संजीव कुमार और कौशल किशोर के समय से कोयला चोरी हो रहा है। पूरा क्षेत्र खोखला हो चुका है। मैंने आवाज उठाई तो मेरे खिलाफ केस हो गया। ढुल्लू महतो ने दावा करते हुए कि जब से हम यहां बाघमारा के विधायक बने हैं तब से धनबाद का सांसद बनने तक मेरे अलावा किसी ने भी अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी के खिलाफ मुखर होकर आवाज नहीं उठाया है। उन्होंने बीसीसीएल पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीसीसीएल को यहां के लोगों की कोई चिंता नहीं है, कोई परवाह नहीं है। बीसीसीएल को कैंप लगाकर प्रभावितों को मुआवजा, पुनर्वास और रोजगार उपलब्ध कराना चाहिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस कोयला चोरी में संलिप्त है। उन्होंने बातों बातों में कहा कि अभी इस भीड़ में भी हमारे अगल-बगल भी कोयला चोर घूम रहे हैं। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की सीबीआई जांच किया जाए और जो लोग कोयला चोरी में शामिल है उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई किया जाए।

अवैध खनन क्राइम है लेकिन इस घटना के लिए प्रशासन जिम्मेदार नहीं है- जलेश्वर महतो
सांसद ढुल्लू महतो के जाने के कुछ मिनटों के भीतर ही पूर्व मंत्री सह कांग्रेस नेता जलेश्वर महतो भी अपने समर्थकों के साथ प्रभावित स्थल पहुंचे उन्होंने भी मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की और हाल-चाल जाना। मामले को लेकर पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो ने कहा कि अवैध खनन का विरोध होना चाहिए था लेकिन नहीं हुआ, अगर होता तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता। उन्होंने कहा की कोशिश कर रहे हैं कि बीसीसीएल और प्रशासन के द्वारा प्रभावितों को ज्यादा से ज्यादा लाभ कैसे दिलाया जा सके। एक सवाल का जवाब में उन्होंने कहा कि अवैध खनन क्राइम है लेकिन इस घटना के लिए प्रशासन जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन जमीन के नीचे हो रहा है, इसलिए इस घटना के लिए प्रशासन जिम्मेदार नहीं है।

लोकसभा में एक बार भी अवैध कोयला खनन के खिलाफ आवाज उठाये है तो जनता के बीच उसे वायरल करे – विजय झा
वहीं पूरे मामले को लेकर बियाडा के पूर्व अध्यक्ष सह प्रसिद्ध समाजसेवी विजय कुमार झा ने इस घटना पर शोक जताते हुए इस घटना का जिम्मेदार अवैध खनन को बताया। उन्होंने बताया की RTI से मिली अनुसार 18 महीना में 15 हजार टन से अधिक अवैध कोयला जप्त किया गया और 68 प्राथमिकी दर्ज हुई। लेकिन सभी प्राथमिकी अज्ञात के नाम से हुआ। उन्होंने कहा की कौन नहीं जानता कि कोयला चोरी कौन कर रहा है और कौन करवा रहा है? उसके बावजूद भी अज्ञात के नाम से प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने धनबाद सांसद ढुल्लू महतो का बिना नाम लिए चुनौती देते हुए कहा कि लोकसभा में एक बार भी अवैध कोयला खनन के खिलाफ आवाज उठाया है तो उसे जनता के बीच वायरल करें। विजय झा ने एक सवाल के जवाब में तीखीप्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोयला चोरी के खिलाफ आवाज उठाने की बात वह कर रहा है जो चुनाव के समय कोयला चोर को प्रत्याशी बनाता है और उसके लिए वोट मांगने आता है। उन्होंने कहा कि जब इस भीड़ में भी वे कोयला चोर को पहचानते हैं तो उन्हें पकड़वाये क्यों नही।

नेताओं के इस प्रकार के बोल बचन से कुछ लोग हैरान है। लोगों का कहना है कि इस बोल बचन से उन्हें क्या मिलने वाला है। हम लोगों को न केवल भारी नुकसान हुआ है बल्कि भविष्य भी अंधकार में दिख रहा है। नेताओं जनप्रतिनिधियों को हम लोगों के सुरक्षा और रोजगार के लिए जो करना चाहिए वो कर नहीं रहे हैं बल्कि यहां आकर केवल बयानवीर बनने का काम कर रहे हैं और फोटो खिंचवा रहे हैं। स्थानीय लोगों में नेताओं के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। आक्रोशित लोगों ने छाता बाद कैलूडीह में संचालित एसटीजी डेको आउटसोर्सिंग का घेराव भी किया।
