
कतरास: धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद फुटबॉल ग्राउंड के समीप शुक्रवार को एक बार फिर भीषण भू-धंसान की घटना हुई। बताया जाता है कि पिछले महीने 7 जुलाई को हुए भू-धंसान के बाद शुक्रवार को दोबारा भू धंसान होने से दर्जनों घर लगभग 10 से 15 फीट नीचे धंस गए। घटना के समय कई लोग घरों में खाना खाकर आराम कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब चार बजे तेज धमाके जैसी आवाज के साथ अचानक जमीन धंस गई और देखते ही देखते दर्जनभर घर जमींदोज हो गया। कुछ घरों में सात से आठ लोग फंसे हुए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे में 78 वर्षीय एक महिला के ऊपर दीवार गिरने से घायल हो गई, जबकि घर के अंदर मौजूद आठ वर्षीय एक बच्ची मलबे में दबकर घायल हो गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस के अलावे कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल एरिया 3 के अधिकारियों की टीम एवं धनसार से रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई है। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू का काम शुरू कर दिया गया था। जानकारी के अनुसार भू-धंसान से मोहम्मद मुर्तजा, मोहम्मद रियाज, मोहम्मद साकिब, मोहम्मद नायब अंसारी, मोहम्मद कलाम, मोहम्मद इसाक, मोहम्मद अकबर टेलर तथा मोहम्मद अजगर समेत कई परिवारों के घर पूरी तरह जमींदोज हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। इस घटना से इस कदर दहशत का माहौल पैदा हो गया है कि बाकी बचे 2 तल्ला और 3 तल्ला घर भी लोगों ने खाली करना शुरू कर दिया है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन और बीसीसीएल से सुरक्षित पुनर्वास एवं उचित मुआवजे की मांग कर रहे है।

लगातार हो रही इस प्रकार की घटनाओं के बाद लोगों के मन में अब भय पैदा हो गया है। लोग जानना चाह रहे हैं कि क्या आने वाला समय में कतरास कोयलांचल में अब लगातार इस प्रकार की घटनाएं देखने को मिलेगी? क्या फिर कोई जन हानि होगी? क्या अब और भी कोई क्षेत्र टंडाबाड़ी बनेगा? क्या इसका कोई उपाय निकल सकेगा या फिर एक दिन कतरास को काला कोयला निगल जाएगा?
